@शब्द दूत ब्यूरो (20 जून 2023)
काशीपुर। शहरवासियों के लिए परेशानी और असुविधा का सबब बन चुके फ्लाईओवर को लेकर आज यहां निर्माणदायी संस्था और जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों के बीच एक मैराथन बैठक निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे हुई।
बैठक में पूर्व भाजपा विधायक हरभजन सिंह चीमा दीपक बिल्डर्स के प्रतिनिधि पर जमकर बरसे हालांकि दीपक बिल्डर्स के प्रतिनिधि अजय शर्मा ने पूर्व विधायक के सवालों के बड़ी बेबाकी से जबाब दिये। इस दौरान कई बार तो वहां अजय शर्मा के बेबाक जबाब पर असहज स्थिति भी पैदा हो गई। पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा ने पूछा कि जब 15 जून तक आपने फ्लाईओवर का काम पूरा होने का वादा किया था तो आखिर आज 20 जून तक काम अधूरा क्यों है? इस पर दीपक बिल्डर्स के प्रतिनिधि ने साफ़ साफ कहा कि सरकारी विभागों मसलन रेलवे,हाइडिल, राष्ट्रीय राजमार्ग अधिकारियों द्वारा समय पर एप्रूवल नहीं मिलने से काम में देरी हुई। उन्होंने कहा कि आप लोग हमें सरकारी विभागों से एप्रूवल दिलवाने में मदद करें तो काम में आसानी होगी।
अजय शर्मा के इस ज़बाब पर वहां मौजूद अन्य जनप्रतिनिधि भाजपा नेता राम मेहरोत्रा, पार्षद गुरविंदर सिंह चंडोक,आशीष गुप्ता ने नाराज़गी जताई । उनका कहना था कि फ्लाईओवर निर्माण के पूरा न होने का ठीकरा सरकारी विभागों पर फोड़ना दीपक बिल्डर्स की अपनी कमी को छिपाने जैसा है।
भाजपा के पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा ने तो यहां तक कह दिया कि यह तो काशीपुर है जो लोग इतनी देरी पर भी शांत हैं। इस पर जब अजय शर्मा ने यह कहा कि ये तो दीपक बिल्डर्स है जो अभी तक इस फ्लाईओवर के निर्माण में लगा हुआ है। अजय शर्मा के इस जबाब पर पार्षद गुरविंदर सिंह चंडोक भड़क गए और बोले कि पूर्व विधायक और वरिष्ठ भाजपा नेता की बात का इस तरह से जबाब देना उचित नहीं है।
मौके पर मौजूद उपजिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह ने साफ साफ कहा कि काम का ठेका दीपक बिल्डर्स को दिया गया है इसलिए काम पूरा करने की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं की है।
दीपक बिल्डर्स के प्रतिनिधियों और जनप्रतिनिधि व अधिकारियों के बीच काफी देर तक बातचीत हुई। जनप्रतिनिधियों ने दीपक बिल्डर्स से फ्लाईओवर का काम पूरा होने की डेड लाइन बार बार पूछी पर दीपक बिल्डर्स का कहना था कि जब सरकारी विभागों से एप्रूवल,इंस्पेक्शन आदि पूरी तरह समय पर मिल जायेगा तो हम डेडलाइन दे सकते हैं। इस पर पूर्व विधायक ने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारी से फोन पर बात करी तो उन्होंने दो महीने में काम पूरा होने का भरोसा दिलाया।
इस प्रकार घंटों तक चली बैठक के बाद फिलहाल जो निष्कर्ष निकला उसके मुताबिक आज से दो माह में 20 अगस्त को फ्लाईओवर चालू हो जायेगा।
आज की इस मैराथन बैठक में पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, पीसीयू चेयरमैन और भाजपा नेता राम मेहरोत्रा, वरिष्ठ भाजपा नेता आशीष गुप्ता, पार्षद गुरविंदर सिंह चंडोक, अधिकारियों में उपजिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह, मुख्य नगर आयुक्त विवेक राय व एन एच के अधिकारी मौजूद रहे।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal