@शब्द दूत ब्यूरो (26 अप्रैल, 2023)
केदारनाथ धाम में अब सिर्फ प्रोटोकॉल वाले लोग ही वीआईपी दर्शन कर सकेंगे। आम श्रद्धालुओं को सुलभ तरीके से दर्शन हों इसके लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। पैदल मार्ग से धाम पहुंचने वाले यात्रियों को ही प्राथमिकता से दर्शन कराए जाएंगे जबकि दर्शन के लिए वीआईपी एप्रोच अब नहीं चलेगी।
केदारनाथ में यात्राकाल के दौरान वीआईपी दर्शन आम यात्री पर भारी पड़ते हैं। पिछले वर्षों तक जहां वीआईपी के नाम पर कई यात्री बहुत आसानी से दर्शन कर लेते थे और आम श्रद्धालुओं को घंटों लाइन में अपनी बारी का इंतजार करना पड़ता था। मगर इस बार केदारनाथ धाम में पहले आम श्रद्धालुओं को दर्शन की प्राथमिकता दी जाएगी।
पैदल, घोड़ा-खच्चर, डंडी-कंडी व पालकी से लेकर हेलीकॉप्टर से केदारनाथ धाम पहुंचने वाले बाबा के भक्तों को सामान्य दर्शन कराए जाएंगे। डीएम मयूर दीक्षित ने कहा कि केदारनाथ में वीआईपी दर्शन सिर्फ प्रोटोकॉल के तहत होगा। अन्य सभी यात्रियों को सामान्य दर्शन कराए जाएंगे।
अगर, कोई व्यक्ति ऊंची पहुंच या फोन से बातचीत कराने के माध्यम से वीआईपी दर्शन के लिए पहुंचता है, तो उसे मना किया जाएगा और सामान्य भक्तों की तरह लाइन में ही लगना होगा। मुख्यमंत्री ने भी आम श्रद्धालुओं को प्राथमिकता से दर्शन कराने के निर्देश दिए हैं।
केदारनाथ में वीआईपी दर्शन के लिए 300 रुपये शुल्क तय किया गया है। कपाट खुलने पर वीआईपी दर्शन के लिए सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी 300 रुपये शुल्क जमा किया था। अधिकारियों के अनुसार, वीआईपी दर्शन सिर्फ प्रोटाकॉल धारक ही कर सकेंगे।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal