@शब्द दूत ब्यूरो (03अप्रैल 2023)
काशीपुर। स्थानीय पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से विभिन्न शहरों से चुराई गई 12 बाइकें बरामद की गई है। ऊधमसिंहनगर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टी सी ने आज काशीपुर में इसका खुलासा किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने इस मामले में कटोराताल पुलिस चौकी इंचार्ज नवीन बुधानी की सराहना की साथ ही पुलिस टीम को ढाई हजार रुपए का पुरस्कार देने की घोषणा की।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में बढ़ रही में बाइक चोरी की घटनाओं के खुलासे को गठित पुलिस टीम ने रविवार की रात मानपुर तिराहे से आगे मानव विहार की तरफ जा रहे तीन बाइक सवारों का पीछा कर उन्हें पकड़ा तो इस बड़े मामले का पर्दाफाश हुआ। पकड़े गए तीनों लोगों की निशानदेही पर ऊंची झाड़ियों में छिपाई हुई चोरी की कुल 12 बाइक बरामद कर लीं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजुनाथ टीसी ने बताया कि पूछताछ में वाहन चोरों ने स्वीकार किया कि वे उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के काशीपुर तथा उसके आसपास के क्षेत्रों की बाइकें चुराते हैं। वे लोग रेकी करने के बाद बाइक चोरी कर लेते थे और उसकी पहचान छिपाने के लिये उसका नंबर प्लेट तोड़ देते थे। उनके द्वारा ये बाइक चोरी कर यहां झाड़ियों में छिपाई गई थीं जिन्हें सोमवार रात बाहर बेचने की योजना थी।
गिरफ्तार तीनों शातिर अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह के सदस्य विकास कुमार पुत्र गेंदालाल , गौरव कुमार पुत्र विजयपाल सिंह निवासी नवलपुर चौकी गढ़ीनेगी थाना कुंडा व प्रमोद कुमार उर्फ रितिक पुत्र स्व. ओमप्रकाश निवासी सकतपुरा थाना भगतपुर जिला मुरादाबाद हैं। जिनका आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी मनोज रतूूड़ी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रदीप मिश्रा, उपनिरीक्षक नवीन बुधानी, धीरेन्द्र परिहार, अशोक काण्डपाल, मनोज जोशी, हेड कांस्टेबल रंजीत प्रसाद, कांस्टेबल प्रेम कनवाल, ईश्वर सिंह, गिरीश मठपाल, गौरव सनवाल व सुरेन्द्र सिंह शामिल थे।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal
