@शब्द दूत ब्यूरो (31 जनवरी 2022)
विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस पार्टी के लिए आज का दिन काफ़ी सुकून भरा साबित हुआ है। ऋषिकेश विधानसभा सीट पर कांग्रेस को बड़ी राहत मिली है। कांग्रेस अपने बागी प्रत्याशी पूर्व काबीना मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण को मनाने में कामयाब रही।
सजवाण ने नाम वापसी के आखिरी दिन कांग्रेस प्रत्याशी जयेंद्र रमोला के पक्ष में अपना नाम वापस ले लिया है। पार्टी ने उन्हें कार्यकारी अध्यक्ष के साथ ही चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष की भी जिम्मेदारी दी है।
बता दें कि टिकट नहीं मिलने पर पूर्व काबीना मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण ने बगावत करते हुए अपना नामांकन दाखिल किया था। यहां तक कि सजवाण ने क्षेत्र में अपने समर्थकों के साथ अपना चुनाव प्रचार भी शुरू कर दिया था। इस बीच कांग्रेस के आला नेता भी उनसे लगातार संपर्क बनाए हुए थे।
जनपद पौड़ी में पांच प्रत्याशियों ने नाम वापस लिया है। इनमें से चार आम आदमी पार्टी के वैकल्पिक प्रत्याशी हैं। वहीं एक निर्दलीय प्रत्याशी का नाम शामिल है। विधानसभा कोटद्वार में भाजपा को बड़ा झटका लगा है। भाजपा के बागी नेता धीरेंद्र चौहान ने नाम वापस नहीं लिया है। जिले की छह विधानसभा सीटों में अब 47 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए हैं।
उधर रूद्रप्रयाग जिले की दो विधानसभा सीटों पर अब 25 प्रत्याशी मैदान में हैं। दोनों सीटों पर एक-एक प्रत्याशी ने अपना नाम वापस लिया है। विधानसभा चुनाव के लिए दोनों विधानसभा सीट पर राष्ट्रीय दलों के साथ निर्दलीय के रूप में 27 प्रत्याशियों ने नामांकन कराया था। केदारनाथ विस के रिटर्निंग अधिकारी जितेंद्र वर्मा ने बताया निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में माला तिवारी ने अपना नाम वापस ले लिया है। अब कुल 13 प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं। इधर, रुद्रप्रयाग विस रिटर्निंग अधिकारी रुद्रप्रयाग अपर्णा ढौंडियाल ने बताया कि बहुजन समाज पार्टी की प्रत्याशी लक्ष्मी देवी ने अपना नाम वापस ले लिया है। अब कुल 12 प्रत्याशी मैदान में हैं।
टिहरी की छह विधानसभा सीटों में से चार सीटों पर पांच प्रत्याशियों ने नाम वापस लिए हैं। जबकि धनोल्टी और नरेंद्रनगर सीट पर किसी भी प्रत्याशी ने नाम वापस नहीं लिया। टिहरी, प्रतापनगर और घनसाली सीट पर आम आदमी पार्टी के वैकल्पिक प्रत्याशियों ने नाम वापस लिए हैं। वहीं घनसाली सीट पर भाजपा को बड़ी सफलता मिली है। यहां भाजपा के बागी प्रत्याशी ने अधिकृत प्रत्याशी के पक्ष में नाम वापस लिया है।
वहीं सहसपुर सीट पर भी कांग्रेस प्रत्याशी आयेंद्र शर्मा के खिलाफ आए सभी नाराज दावेदारों को एक साथ जोड़ने में कामयाब रही है। देहरादून की सहसपुर विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी आर्येन्द्र शर्मा को टिकट मिलने के बाद से कांग्रेस के अन्य दावेदार नाराज हो गए थे। दावेदार अनीस अहमद, अकील अहमद और रमेश आजाद ने तो नामांकन तक दाखिल कर दिया था। जबकि अन्य दावेदार लक्ष्मी अग्रवाल, गुलजार अहमद, राकेश नेगी और विनोद चौहान भी नाराज चल रहे थे।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal

