@शब्द दूत ब्यूरो (18 नवंबर, 2021)
नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ यानी आंचल डेयरी पहाड़ के स्रोतों के पानी का स्वाद लोगों तक अब मिनरल वाटर के माध्यम से पहुंचाने जा रही है। इससे न केवल पहाड़ के स्रोतों का साफ पानी लोगों को आसानी से मिल सकेगा, बल्कि स्थानीय लोगों को स्वरोजगार भी मिलेगा।
फिलहाल आंचल डेयरी एक करोड़ रुपये की लागत से नैनीताल जिले में मिनरल वाटर प्लांट स्थापित करने जा रहा है। प्लांट स्थापित होने से शहरों के लोग पहाड़ के शुद्ध स्रोतों के पानी का लुत्फ उठा सकेंगे। इस योजना से राज्य को अतिरिक्त राजस्व की प्राप्ति तो होगी ही, साथ ही बेरोजगारों के लिए रोजगार के अवसर भी मिलेंगे।
नैनीताल दूग्ध उत्पादक सहकारी संघ के चेयरमैन मुकेश बोरा ने बताया कि आंचल ब्रांड के नाम से नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ मिनरल वाटर प्लांट बनाने जा रहा है। उन्होंने बताया कि पहाड़ों के स्रोत से आने वाले पानी को फिल्टर कर मिनरल वाटर तैयार किया जाएगा। जिससे यहां के स्थानीय लोगों को रोजगार से जोड़ने के साथ-साथ नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ की आय में भी वृद्धि होगी।
उन्होंने बताया कि प्लांट का शुभारंभ दिसंबर माह से किया जाएगा। मुकेश बोरा ने बताया कि पहाड़ के स्रोत के पानी कई खनिज तत्वों से भरा होता है। जिसका स्वाद अन्य पानी की तुलना में अलग होता है। ऐसे में पहाड़ के पानी की पहचान को मिनरल वाटर के माध्यम से लोगों तक पहुंचाना मुख्य उद्देश्य है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal







