@नई दिल्ली शब्द दूत ब्यूरो (15 जुलाई, 2021)
उत्तरप्रदेश में जनसंख्या नियंत्रण कानून की पैरवी करने वाली बीजेपी के 304 विधायकों में से 152 के तीन से लेकर 8 बच्चे तक है। आठ बच्चों के पिता बीजेपी के सहयोगी ‘अपना दल’ के विधायक हरिराम ने विश्व जनसंख्या दिवस पर ट्वीट कर लोगों को कम बच्चे पैदा करने की नसीहत भी दी है। छह बच्चों के पिता विधायक रत्नाकर मिश्रा कहते हैं कि पांच बीवी, 25 बच्चे अब नहीं चलेगा।
भारतीय जनता पार्टी की एक विधायक ऐसी भी हैं जिन्होंने छह बेटियों को जन्म दिया फिर आखिर में अजमेर शरीफ में मन्नत मांगने के बाद बेटा हुआ। यूपी लॉ कमीशन ने दो बच्चे के कानून का ड्राफ्ट बनाया है, उसमें दो से ज्यादा बच्चे वालों को सरकारी सुविधाओं न देने और पंचायत चुनाव लड़ने पर रोक की बात है।
नानपारा विधानसभा की बीजेपी विधायक माधुरी वर्मा को 6 बेटियां हुईं, लड़के की चाह में वे मन्नत मांगने ख्वाजा गरीब नवाज की दरगाह अजमेर पहुंचीं। उन्हें सातवीं संतान के रूप में लड़का हुआ। ख्वाजा से खुश होके उन्होंने उसका नाम अजमेरी वर्मा रखा है।
यूपी बिहार सरहद पर सोनभद्र की दुधी सीट से बीजेपी के सहयोगी अपना दल के एमएलए, 51 वर्षीय हरिराम हैं। विधानसभा की वेबसाइट कहती है कि उनके 8 बच्चे हैं-चार बेटे और इतनी ही बेटियां। लेकिन विश्व जनसंख्या दिवस पर उन्होंने दूसरों से अपील की कि कम बच्चे पैदा करें। उन्होंने लिखा-आइए विश्व जनसंख्या दिवस पर हम एक जिम्मेदार नागरिक होने का कर्तव्य निभाएं और सभी को जनसंख्या नियंत्रण के प्रति जागरुक करें।
यूपी विधानसभा की वेबसाइट से पता चला कि बीजेपी के 304 विधायकों में से 152 विधायकों के तीन से आठ बच्चे हैं। एक विधायक के आठ, आठ विधायकों के छह, 15 विधायकों के पांच, 43 विधायकों के चार, 84 विधायकों के तीन, 102 विधायकों के दो और 35 विधायकों का एक बच्चा है। 15 विधायकों के बच्चे नहीं हैं, इसमें कई गैर शादीशुदा हैं।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal





