@शब्द दूत ब्यूरो
नई दिल्ली। तृणमूल कांग्रेस पार्टी की प्रमुख ममता बनर्जी ने लगातार तीसरी बार पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। दीदी के शपथ वाले दिन केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राज्य सरकार को हिंसा के बाबत दूसरा पत्र लिखा। गृह मंत्रालय ने पूछा कि पिछले महीने हुए चुनावों के बाद हिंसा रोकने के उपायों के बारे में जवाब क्यों नहीं दिया गया।
केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने अपने दूसरे पत्र में लिखा, ‘मैं आपको याद दिलाता हूं कि मतदान के बाद तीन मई को हुई हिंसा के बारे में जानकारी मांगने के बावजूद कोई रिपोर्ट नहीं दी गई है। इस दूसरे पत्र का गैर-अनुपालन गंभीरता से लिया जाएगा।’ गृह सचिव ने राज्य सरकार को दो दिन पहले अपना पहला पत्र लिखा था।
अजय भल्ला ने राज्य सरकार से पूछा कि हिंसा को रोकने के लिए पर्याप्त उपाय क्यों नहीं किए गए। उन्होंने लिखा कि ताजा रिपोर्ट है कि राज्य में चुनाव के बाद हिंसा नहीं थमी है। हिंसा को रोकने के लिए तत्काल उपाय किए जाएं और उसी के संबंध में रिपोर्ट तुरंत भेजी जाए।
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने भी बंगाल में हुई हिंसा का संज्ञान लिया है। आयोग ने डिप्टी आईजी (अन्वेषण) को एक टीम बनाने के लिए कहा है, जो इस मामले की जांच करेगी। आयोग ने टीम को जांच रिपोर्ट सौंपने के लिए दो हफ्ते का समय दिया है।

Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal