Breaking News

डरी सहमी मीनाक्षी: वह रहस्यमयी अजनबी जो रातभर उसके पीछे चलता रहा…

@विनोद भगत

रात के करीब साढ़े ग्यारह बज रहे थे। शीकापुर शहर का बस अड्डा लगभग वीरान हो चुका था। इक्का-दुक्का लोग ही नजर आ रहे थे। दूर कहीं किसी कुत्ते के भौंकने की आवाज सन्नाटे को तोड़ रही थी। बस से उतरते ही मीनाक्षी ने इधर-उधर नजर दौड़ाई। एक हाथ में पर्स और दूसरे हाथ से बड़ी-सी ट्रॉली अटैची खींचते हुए उसकी आंखें किसी सवारी वाहन की तलाश कर रही थीं।

लेकिन दूर-दूर तक कोई ऑटो, रिक्शा या टैक्सी दिखाई नहीं दे रही थी। उसे इस स्थिति का अंदाजा पहले से था। उसकी मित्र रूपाली ने फोन पर साफ-साफ कहा था, “मीनाक्षी, अगर संभव हो तो शाम तक पहुंच जाना। यहां रात में बस अड्डे से सवारी मिलना मुश्किल है। और हां, अकेली हो तो थोड़ा संभलकर रहना। इस इलाके में कुछ आवारा किस्म के लोग भी घूमते रहते हैं।”

उस समय मीनाक्षी ने रूपाली की बात को बहुत गंभीरता से नहीं लिया था। उसे अपनी हिम्मत पर पूरा भरोसा था। लेकिन अब सुनसान बस अड्डे पर खड़े होकर उसे अपनी गलती का एहसास होने लगा था। उसने मोबाइल निकाला। नेटवर्क तो था, लेकिन बैटरी खत्म हो चुकी थी।

वह सोच ही रही थी कि रूपाली को फोन करे या नहीं, तभी उसकी नजर सड़क के दूसरी ओर बिजली के खंभे के नीचे खड़े एक व्यक्ति पर पड़ी। अधपकी दाढ़ी, बिखरे हुए बाल, बदन पर पुरानी-सी जैकेट और चेहरे पर अजीब-सी गंभीरता।

वह व्यक्ति एकटक मीनाक्षी की ओर देख रहा था। मीनाक्षी ने नजरें फेर लीं। कुछ क्षण बाद फिर चोर नजरों से उसकी ओर देखा। वह अब भी उसी तरह खड़ा था।

उसके भीतर एक अनजाना डर सिर उठाने लगा। ‘कहीं यही तो उन लोगों में से नहीं, जिनके बारे में रूपाली ने बताया था?’

उसने मन ही मन सोचा। करीब पांच मिनट तक वह किसी वाहन के आने का इंतजार करती रही। इस बीच उसकी नजर बार-बार उस व्यक्ति की ओर जाती रही। हर बार वह उसे अपनी तरफ देखते हुए ही मिला। आखिरकार उसने पैदल ही रूपाली के घर जाने का फैसला कर लिया।

रूपाली का घर वहां से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर था। ट्रॉली बैग होने के कारण अटैची खींचना ज्यादा मुश्किल नहीं था। मुश्किल थी तो रात का सन्नाटा और वह अनजान आदमी।

मीनाक्षी ने एक लंबी सांस ली और तेजी से कदम बढ़ा दिए।कुछ दूर चलने के बाद उसे लगा कि कोई उसके पीछे आ रहा है।

उसने बिना गर्दन घुमाए सड़क के किनारे लगे एक बंद दुकान के शीशे में पीछे देखने की कोशिश की। उसका शक सही था। वही अधपकी दाढ़ी वाला व्यक्ति उसके पीछे चल रहा था। मीनाक्षी के कदम अनायास धीमे पड़ गए।

उसने फिर चलना शुरू किया। कुछ देर बाद पीछे से आती कदमों की आहट भी सुनाई देने लगी। अब उसके मन में तरह-तरह के विचार आने लगे।‘क्या यह मेरा पीछा कर रहा है? क्या इसे पता है कि मैं अकेली हूं? क्या यह किसी सुनसान जगह पर मेरा रास्ता रोक लेगा?’

उसने चाहा कि किसी से मदद मांग ले, लेकिन सड़क पर कोई दिखाई नहीं दे रहा था। फिर अचानक उसके मन में दूसरा विचार आया।

‘आखिर मैं इससे इतना डर क्यों रही हूं? इसने अभी तक ऐसा कुछ भी तो नहीं किया जिससे इसे अपराधी समझा जाए। किसी सड़क पर चलने या खड़े रहने भर से कोई गलत कैसे हो सकता है?’ लेकिन डर तर्क कहां सुनता है!

मीनाक्षी ने अपनी चाल थोड़ी तेज कर दी। पीछे चल रहे व्यक्ति ने भी अपनी चाल तेज कर ली। वह लगातार एक निश्चित दूरी बनाकर उसके पीछे चल रहा था।

करीब आधा किलोमीटर आगे बढ़ने के बाद सड़क का एक हिस्सा बेहद सुनसान हो गया। वहां स्ट्रीट लाइट भी नहीं थी। चारों ओर घुप्प अंधेरा था।

मीनाक्षी का दिल जोर-जोर से धड़कने लगा। उसने बैग का हैंडल कसकर पकड़ लिया। अब वह बार-बार पीछे मुड़कर देखने की हिम्मत भी नहीं जुटा पा रही थी। उसे बस पीछे से आती कदमों की आवाज सुनाई दे रही थी।

वह मन ही मन तय कर चुकी थी कि अगर उस व्यक्ति ने जरा भी अपनी चाल तेज की तो वह अटैची छोड़कर दौड़ पड़ेगी।

लेकिन ऐसा नहीं हुआ। वह व्यक्ति उसी रफ्तार से चलता रहा। न उसने आवाज लगाई, न कोई फब्ती कसी और न ही उसके करीब आने की कोशिश की।

फिर भी मीनाक्षी का डर कम नहीं हुआ। कुछ देर बाद उसे दूर एक मकान के बाहर जलती हुई रोशनी दिखाई दी। वह लगभग राहत की सांस लेते हुए उस दिशा में बढ़ने लगी।

आखिरकार वह रूपाली के घर पहुंच गई। उसने तेजी से डोरबेल बजाई। एक बार…दो बार…तीसरी बार घंटी बजाने पर दरवाजा खुला। सामने रूपाली खड़ी थी।

मीनाक्षी को देखते ही वह हैरानी से बोली, “अरे! तू पैदल आई है?”

मीनाक्षी जैसे किसी गहरी नींद से जागी। “क्या करती? कोई सवारी ही नहीं मिली।”

वह अभी अपनी अटैची अंदर रखने ही वाली थी कि रूपाली की नजर उसके पीछे सड़क पर पड़ी। वह अचानक चुप हो गई। उसके चेहरे पर हैरानी के भाव उभरे। अगले ही पल उसकी आंखें नम हो गईं।

उसने मीनाक्षी के कंधे पर हाथ रखा और धीमी आवाज में कहा,“तुझे कुछ नहीं हो सकता था, मीनाक्षी। तू पूरी सुरक्षा के साथ यहां पहुंची है।”

मीनाक्षी ने चौंककर उसकी ओर देखा। “क्या मतलब? तू किसकी बात कर रही है?”

रूपाली ने सड़क की ओर इशारा किया। “उस आदमी की… जो तेरे पीछे-पीछे आ रहा है।”

मीनाक्षी ने पलटकर देखा। वह व्यक्ति कुछ दूरी पर सड़क किनारे खड़ा था। अब भी उसकी नजरें उन्हीं दोनों की ओर थीं।

मीनाक्षी के चेहरे का रंग उड़ गया। “तू उसे जानती है क्या? कहीं तूने ही तो उसे मेरे पीछे नहीं भेजा था?”

रूपाली ने गहरी सांस ली। “नहीं। लेकिन मैं उसे बहुत अच्छी तरह जानती हूं।”

“कौन है वह?”रूपाली कुछ क्षण चुप रही। फिर भर्राई हुई आवाज में बोली,“वह मधुकर भैया हैं।”

“मधुकर भैया?”

“हां… इसी शहर में रहते हैं। करीब तीन साल पहले उनकी इकलौती बहन के साथ ऐसी घटना हुई थी, जिसने उनका पूरा परिवार उजाड़ दिया।”

मीनाक्षी अब ध्यान से उसकी बात सुन रही थी। रूपाली ने आगे बताया,“तीन साल पहले उनकी बहन भी एक रात बस से उतरकर घर लौट रही थी। वह भी अकेली थी। रास्ते में कुछ आवारा लोगों ने उसे घेर लिया। उनकी नीयत बहुत खराब थी। उसने विरोध किया तो उन लोगों ने उसे बेरहमी से पीटा। वे अपने गलत इरादों में कामयाब तो नहीं हो सके, लेकिन उसे इतनी बुरी तरह घायल कर दिया कि उसकी आंखों की रोशनी हमेशा के लिए चली गई।”

रूपाली की आंखों से आंसू छलक पड़े। “वह लड़की आज भी जिंदा है, लेकिन दुनिया को देख नहीं सकती। उसके भाई मधुकर उस दिन से खुद को कभी माफ नहीं कर पाए। उन्हें हमेशा लगता रहा कि काश उस रात कोई उसकी बहन के साथ होता, काश किसी ने उसे सुरक्षित घर तक पहुंचा दिया होता।”

मीनाक्षी अब सड़क की ओर देख रही थी।

रूपाली ने कहा, “बस उसी दिन से मधुकर भैया ने एक संकल्प लिया। वे अक्सर रात को बस अड्डे के आसपास रहते हैं। जब भी कोई अकेली लड़की देर रात बस से उतरती है और पैदल घर की ओर जाती है, वे चुपचाप उसके पीछे चलने लगते हैं। इतनी दूरी बनाकर कि लड़की को असहज न लगे और जरूरत पड़ने पर उसकी मदद भी कर सकें।”

“तो… वह मेरा पीछा इसलिए कर रहे थे?” मीनाक्षी की आवाज कांप रही थी।

“हां। वे चाहते हैं कि कोई दूसरी लड़की उनकी बहन जैसी तकलीफ न झेले। कई बार लोग उन्हें गलत समझते हैं। लेकिन वे किसी से कुछ कहते नहीं। बस अपना काम करते रहते हैं।”

इतना सुनते ही मीनाक्षी की नजरें झुक गईं। जिस व्यक्ति को वह पूरी रात खतरा समझती रही, वह तो उसकी सुरक्षा के लिए खुद खतरा उठाकर चल रहा था।

वह कुछ क्षण दरवाजे पर खड़ी रही। फिर अचानक बाहर निकल आई। मधुकर अब भी सड़क किनारे खड़े थे। मीनाक्षी उनके पास पहुंची। उसकी आंखें नम थीं। वह हाथ जोड़कर बोली,“मुझे माफ कर दीजिएगा। मैं आपको गलत समझती रही।”

मधुकर ने पहली बार उसके चेहरे की ओर ध्यान से देखा। फिर बहुत सहज आवाज में बोले, “इसमें माफी मांगने की कोई बात नहीं बिटिया। रात का समय था। तुम अकेली थीं। तुम्हारा डरना स्वाभाविक था।”

मीनाक्षी कुछ कह पाती, उससे पहले उन्होंने आगे कहा, “बस एक बात याद रखना। हर अनजान आदमी बुरा नहीं होता और हर खतरे की पहचान चेहरे से नहीं होती। लेकिन सावधान रहना कभी मत छोड़ना।”

कुछ पल के लिए वहां खामोशी छा गई। फिर मधुकर ने अपनी घड़ी देखी और वापस मुड़ने लगे। मीनाक्षी ने पीछे से आवाज दी,“मधुकर भैया… आप अब घर जा रहे हैं?”

वे पलटे और हल्की-सी मुस्कान के साथ बोले,“हां बिटिया। आज एक और बेटी सुरक्षित घर पहुंच गई। अब चैन से सो सकूंगा।” यह कहकर वे अंधेरी सड़क पर आगे बढ़ गए।

मीनाक्षी उन्हें तब तक देखती रही, जब तक उनकी आकृति अंधेरे में गुम नहीं हो गई। वह अंदर लौटी तो रूपाली ने उसे पानी का गिलास दिया।

मीनाक्षी ने गिलास हाथ में लिया, लेकिन उसकी आंखों के सामने बार-बार वही दृश्य घूम रहा था। एक आदमी, जिसे वह अपराधी समझ रही थी, पूरी रात उसकी सुरक्षा में लगा रहा।

उस रात मीनाक्षी को एक बात समझ आई कि दुनिया में बुरे लोग जरूर हैं, उनसे सावधान रहना भी जरूरी है। लेकिन कुछ लोग ऐसे भी होते हैं, जो अपने जीवन के सबसे गहरे घाव को दूसरों की सुरक्षा का कारण बना लेते हैं।

मधुकर अपनी बहन की आंखों में रोशनी वापस नहीं ला सकते थे, लेकिन उन्होंने संकल्प लिया था कि किसी दूसरी बहन की जिंदगी में अंधेरा नहीं आने देंगे।

और शायद यही इंसानियत का सबसे खूबसूरत चेहरा है।

कहानी में पात्र और शहर के नाम काल्पनिक है। -लेखक 

Check Also

काशीपुर:रामनगर रोड, बंद कन्या विद्यालय और जर्जर स्टेडियम को लेकर एनएसयूआई जिलाध्यक्ष लवदीप सिंह ने विधायक त्रिलोक सिंह चीमा को घेरा, 10 दिन का अल्टीमेटम, देखिए वीडियो

🔊 Listen to this @शब्द दूत ब्यूरो (23 नवंबर 2026) मुद्दों का समाधान नहीं हुआ …

googlesyndication.com/ I).push({ google_ad_client: "pub-