Breaking News

बड़ी चर्चा: इंडिया गठबंधन में बिखराव की पटकथा तैयार! मोदी-शाह की सियासी बिसात पर विपक्ष के मोहरे क्यों बिखर रहे हैं? क्या कहते हैं राजनीतिक विश्लेषक?

@शब्द दूत ब्यूरो (28 नवंबर 2026)

कांग्रेस के सामने अब सबसे बड़ा सवाल सहयोगियों को बचाने का नहीं, अपना राजनीतिक अस्तित्व बचाने का है। परिसीमन से लेकर चुनाव आयोग तक विपक्ष की साझा लड़ाई कमजोर पड़ती दिख रही है। क्या 2029 से पहले क्षेत्रीय क्षत्रपों की राजनीति का सूर्यास्त शुरू हो चुका है?

भारतीय राजनीति में कभी-कभी घटनाएं जितनी महत्वपूर्ण होती हैं, उनसे भी ज्यादा महत्वपूर्ण उनके पीछे छिपे राजनीतिक संकेत होते हैं। विपक्षी एकता के नाम पर जिस INDIA गठबंधन ने देश की राजनीति में एक नई उम्मीद जगाई थी, उसके भीतर अब जिस तरह मतभेदों की परतें खुल रही हैं, वे केवल गठबंधन की कमजोरी नहीं, बल्कि विपक्ष की भविष्य की राजनीति के लिए भी गंभीर चेतावनी हैं।
जिस विपक्ष ने कुछ समय पहले तक एक मंच पर खड़े होकर सत्ता पक्ष को चुनौती देने का संकल्प जताया था, वही विपक्ष अब अपने-अपने राजनीतिक हितों की गणित में उलझता दिखाई दे रहा है। परिसीमन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे पर गठबंधन के भीतर अलग-अलग दलों के रुख को लेकर सामने आ रही चर्चाओं ने इस सवाल को और गंभीर बना दिया है कि क्या INDIA गठबंधन वास्तव में कोई वैचारिक और राजनीतिक विकल्प है या फिर अलग-अलग महत्वाकांक्षाओं का अस्थायी मंच?

शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस, उद्धव ठाकरे की शिवसेना और अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी जैसे दलों के राजनीतिक रुख को लेकर उठते सवाल विपक्षी एकता की वास्तविकता को सामने लाते हैं। यदि राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर भी सहयोगी दलों की प्राथमिकताएं अलग-अलग हैं तो फिर केवल चुनावी मंच साझा करने से एक मजबूत राजनीतिक विकल्प तैयार नहीं हो सकता।

दरअसल, विपक्ष की सबसे बड़ी समस्या यह है कि उसके पास सत्ता का विरोध करने के मुद्दे तो हैं, लेकिन उन मुद्दों पर एकजुट होकर लंबी लड़ाई लड़ने की राजनीतिक इच्छाशक्ति और साझा रणनीति कमजोर पड़ती दिखाई देती है।

कांग्रेस को अब अपनी राजनीतिक दिशा खुद तय करनी होगी।
कांग्रेस के सामने अब दो रास्ते हैं। पहला यह कि वह क्षेत्रीय दलों की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं के हिसाब से अपनी रणनीति बनाती रहे और दूसरे दलों के फैसलों के पीछे चलती रहे। दूसरा यह कि वह अपने संगठन, विचारधारा और जनाधार को मजबूत करते हुए स्वतंत्र राजनीतिक शक्ति के रूप में खड़ी हो।

देश के जाने-माने पत्रकार व राजनीतिक विश्लेषक पंकज चतुर्वेदी कहते हैं कि मेरे विचार से कांग्रेस के लिए दूसरा रास्ता ही ज्यादा व्यावहारिक है। यह रास्ता आसान नहीं है। इसमें समय लगेगा, संगठन को नीचे तक खड़ा करना होगा और जनता के बीच विश्वास फिर से अर्जित करना होगा। लेकिन यह भी समझना होगा कि बैसाखियों के सहारे चलने वाली राजनीति में नेतृत्व की स्वतंत्रता धीरे-धीरे समाप्त हो जाती है।
कांग्रेस यदि हर चुनाव में किसी क्षेत्रीय दल की ताकत और उसकी शर्तों के हिसाब से अपना राजनीतिक भविष्य तय करेगी तो उसका अपना संगठन कब मजबूत होगा? जिन राज्यों में कांग्रेस का कभी व्यापक जनाधार रहा है, वहां वह गठबंधन की मजबूरियों में अपनी जमीन छोड़ती रही तो भविष्य में उसके सामने अपनी ही राजनीतिक पहचान बचाने का संकट खड़ा हो सकता है।

उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव के सामने अस्तित्व की लड़ाई
उत्तर प्रदेश इस पूरी राजनीतिक तस्वीर का सबसे महत्वपूर्ण केंद्र है। समाजवादी पार्टी के लिए आगामी विधानसभा चुनाव केवल सरकार बनाने का अवसर नहीं, बल्कि अपने राजनीतिक भविष्य को सुरक्षित करने की निर्णायक परीक्षा भी होंगे।

अखिलेश यादव ने जिस तरह पिछली कुछ राजनीतिक लड़ाइयों में अपनी स्थिति मजबूत की है, उससे यह उम्मीद बनी है कि समाजवादी पार्टी प्रदेश में भाजपा के सामने एक प्रमुख चुनौती बन सकती है। लेकिन उनकी राजनीति का भविष्य केवल गठबंधन के गणित पर निर्भर नहीं रह सकता।
यदि अखिलेश यादव आगामी विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री बनने में सफल नहीं होते तो समाजवादी पार्टी के सामने नेतृत्व, संगठन और राजनीतिक प्रासंगिकता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो सकते हैं। यह कहना अतिशयोक्ति नहीं होगा कि लगातार चुनावी असफलता की स्थिति में समाजवादी पार्टी का राजनीतिक प्रभाव भी उसी तरह सिमट सकता है, जैसा कभी उत्तर प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी के साथ देखने को मिला।

मायावती की राजनीति का उदाहरण सामने है। कभी उत्तर प्रदेश की सत्ता का केंद्र रही बसपा आज अपने पुराने राजनीतिक प्रभाव को वापस पाने के लिए संघर्ष कर रही है। एक समय था जब दलित राजनीति की सबसे बड़ी आवाज मानी जाने वाली बसपा के सामने अब अपना पारंपरिक वोट बैंक बचाने की चुनौती है।

अखिलेश यादव को इस राजनीतिक अनुभव से सबक लेना चाहिए। केवल अपने पारंपरिक सामाजिक समीकरणों और चुनावी गठबंधनों के सहारे राजनीति लंबे समय तक नहीं चलती। जनता को नेतृत्व में भविष्य दिखाई देना चाहिए।
और यदि परिसीमन जैसे मुद्दे पर समाजवादी पार्टी का रुख कांग्रेस की रणनीति से अलग दिखाई देता है तो उत्तर प्रदेश में दोनों दलों के बीच राजनीतिक तालमेल का आधार भी कमजोर होगा। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को यह विचार करना होगा कि आखिर वह किस कीमत पर गठबंधन जारी रखे।

क्षेत्रीय क्षत्रपों की राजनीति का सबसे बड़ा संकट उनका अपना परिवार और नेतृत्व है। शरद पवार की राजनीति को समझने के लिए महाराष्ट्र के बदलते राजनीतिक घटनाक्रम को देखना पर्याप्त है। वहां सत्ता की राजनीति में वैचारिक प्रतिबद्धताओं से ज्यादा राजनीतिक और व्यावसायिक हितों के आरोप-प्रत्यारोप चर्चा में रहे हैं। पवार की राजनीतिक भूमिका पर भी समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं। उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती अब अपनी राजनीतिक विरासत और संगठन की प्रासंगिकता बनाए रखने की है।

उद्धव ठाकरे के सामने भी नेतृत्व की बड़ी परीक्षा है। शिवसेना की राजनीतिक पहचान, संगठन और कार्यकर्ताओं का एक बड़ा हिस्सा अलग हो चुका है। जिस पार्टी की पहचान कभी एक मजबूत और आक्रामक नेतृत्व के रूप में होती थी, वह आज अपनी राजनीतिक जमीन को दोबारा मजबूत करने की कोशिश में है। उद्धव ठाकरे के लिए यह केवल भाजपा से मुकाबले का प्रश्न नहीं, बल्कि अपनी पार्टी की मूल राजनीतिक पहचान को बचाने की चुनौती भी है।
बिहार में तेजस्वी यादव की राजनीति को भी इसी नजरिये से देखने की जरूरत है। इसमें कोई संदेह नहीं कि उन्होंने अपनी एक अलग राजनीतिक पहचान बनाने की कोशिश की है, लेकिन राष्ट्रीय जनता दल की ताकत का बड़ा आधार आज भी लालू प्रसाद यादव की राजनीतिक विरासत और सामाजिक समीकरण हैं। सवाल यह है कि क्या तेजस्वी इस विरासत से आगे निकलकर अपनी स्वतंत्र राजनीतिक पहचान बना पाएंगे?

इन सभी उदाहरणों में एक समानता दिखाई देती है। अधिकांश क्षेत्रीय दल किसी विचारधारा से अधिक एक प्रभावशाली व्यक्तित्व के आसपास विकसित हुए हैं। जब तक वह व्यक्तित्व प्रभावी रहता है, पार्टी का संगठन भी उसके साथ चलता है। लेकिन जैसे ही नेतृत्व कमजोर होता है या राजनीतिक उत्तराधिकार का संकट आता है, संगठन की कमजोरियां सामने आने लगती हैं।
मोदी-शाह की राजनीति का असली कौशल विपक्ष की कमजोरियों को पहचानने में है। नरेंद्र मोदी और अमित शाह की राजनीति का विश्लेषण केवल उनके चुनावी अभियानों के आधार पर नहीं किया जा सकता। उनकी राजनीतिक रणनीति का एक महत्वपूर्ण पक्ष विपक्षी दलों के भीतर मौजूद अंतर्विरोधों का राजनीतिक लाभ उठाना भी है।
महाराष्ट्र इसका बड़ा उदाहरण है। शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस के भीतर हुए विभाजन ने वहां की राजनीति का पूरा समीकरण बदल दिया। बिहार में भी विपक्षी एकता का इतिहास बहुत स्थिर नहीं रहा है। अलग-अलग राज्यों में सत्ता समीकरणों के बदलने से यह स्पष्ट हुआ है कि राजनीतिक गठबंधन तभी टिकते हैं जब उनके साझेदारों के बीच भरोसा और साझा लक्ष्य हों।

भाजपा की चुनावी मशीनरी और संगठनात्मक ताकत के सामने विपक्ष के लिए सबसे बड़ी चुनौती यही है कि वह अपने आंतरिक मतभेदों को चुनावी संघर्ष से ऊपर न आने दे।
यहां एक और बात समझने की है। भाजपा के विस्तार को केवल किसी एक नेता की राजनीतिक इच्छा का परिणाम मानना उचित नहीं होगा। उसके पीछे संगठन, संसाधन, चुनाव प्रबंधन, वैचारिक नेटवर्क और लंबे समय से तैयार किया गया कार्यकर्ता तंत्र भी है। आरएसएस और भाजपा के बीच संगठनात्मक संबंधों का राजनीतिक प्रभाव भी इसी व्यापक संदर्भ में देखा जाना चाहिए।

इसके मुकाबले विपक्षी दलों में कई बार संगठन से ज्यादा नेता महत्वपूर्ण हो जाता है। ऐसे में एक मजबूत चुनावी मशीनरी का सामना करने के लिए केवल साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस और संयुक्त रैलियां पर्याप्त नहीं होतीं।

चुनाव आयोग और SIR पर विपक्ष की लड़ाई का क्या होगा?
विपक्ष ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR और कथित वोट चोरी जैसे मुद्दों को लेकर देशव्यापी सवाल खड़े किए थे। राहुल गांधी ने भी इन विषयों को लगातार राजनीतिक बहस के केंद्र में लाने की कोशिश की।

इन मुद्दों की गंभीरता अपनी जगह है। चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता, मतदाता सूची की पारदर्शिता और प्रत्येक पात्र नागरिक के मतदान अधिकार की सुरक्षा लोकतंत्र के बुनियादी सवाल हैं।

लेकिन इन सवालों पर विपक्ष की लड़ाई तभी प्रभावी हो सकती है जब सभी दल एक साझा रणनीति के तहत आगे बढ़ें। यदि राजनीतिक दल अपने-अपने राज्यों के समीकरणों और तात्कालिक हितों में उलझे रहेंगे तो चुनाव सुधार और मतदाता अधिकार जैसे बड़े मुद्दे भी राजनीतिक शोर में दब जाएंगे।

परिसीमन पर मतभेदों ने विपक्ष की इसी कमजोरी को उजागर करने का अवसर दिया है। एक तरफ चुनाव आयोग और मतदाता सूची को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं, दूसरी तरफ विपक्ष के घटक दलों के बीच ही राजनीतिक प्राथमिकताओं को लेकर असहमति की खबरें सामने आ रही हैं।

सत्ता पक्ष के लिए इससे बेहतर स्थिति क्या हो सकती है कि विपक्ष अपनी ऊर्जा एक-दूसरे की राजनीतिक मंशा पर सवाल उठाने में खर्च करे और मूल मुद्दे पीछे छूट जाएं?
यह भी याद रखना होगा कि चुनावी अनियमितताओं के आरोपों को प्रमाण और तथ्यों के आधार पर ही स्थापित किया जाना चाहिए। लोकतंत्र में चुनाव आयोग की जवाबदेही पर सवाल उठाना विपक्ष का अधिकार है, लेकिन उन सवालों को विश्वसनीय बनाने के लिए ठोस साक्ष्य और निरंतर जनभागीदारी जरूरी है।

पंजाब से महाराष्ट्र तक क्षेत्रीय दलों के सामने एक जैसी चुनौती है। पंजाब में शिरोमणि अकाली दल और सुखबीर सिंह बादल के सामने भी अपने राजनीतिक अस्तित्व को दोबारा स्थापित करने की चुनौती है। कभी पंजाब की राजनीति में निर्णायक भूमिका निभाने वाला अकाली दल अब अपने पुराने प्रभाव को वापस पाने की कोशिश कर रहा है।

आने वाले चुनाव उसके लिए केवल सत्ता में वापसी का अवसर नहीं होंगे, बल्कि यह तय करने का मौका भी होंगे कि पार्टी अपने पारंपरिक आधार को बचा पाती है या नहीं।
महाराष्ट्र में शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस के साथ जो राजनीतिक घटनाक्रम हुआ, उसने क्षेत्रीय दलों को एक बड़ा संदेश दिया है। राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत संगठन और सत्ता के प्रभाव के सामने क्षेत्रीय दलों के लिए अपने संगठन को एकजुट रखना पहले से ज्यादा कठिन होता जा रहा है।
यह कहना शायद जल्दबाजी होगी कि सभी क्षेत्रीय दल अगले पांच वर्षों में राजनीतिक रूप से अप्रासंगिक हो जाएंगे, लेकिन इतना जरूर है कि परिवार आधारित और व्यक्ति केंद्रित दलों के सामने आने वाला समय आसान नहीं है। नेतृत्व परिवर्तन, संगठन का विस्तार और नई पीढ़ी को अवसर दिए बिना इन दलों का भविष्य सुरक्षित नहीं हो सकता।

कांग्रेस के लिए अकेले चलने का अर्थ विपक्ष से दुश्मनी नहीं, अपनी ताकत पहचानना है। कांग्रेस को यह समझना होगा कि देश की राजनीति में उसका मुकाबला केवल भाजपा से नहीं है, बल्कि उन क्षेत्रीय दलों से भी है जो अपने राज्यों में कांग्रेस की जगह लेना चाहते हैं। कई राज्यों में कांग्रेस और क्षेत्रीय दलों के बीच गठबंधन मजबूरी है, लेकिन कई जगह यही गठबंधन कांग्रेस के संगठनात्मक विस्तार में बाधा भी बन सकता है।

कांग्रेस को राज्यों के हिसाब से अपनी रणनीति बनानी होगी। जहां उसका संगठन मजबूत है, वहां उसे अपने दम पर चुनाव लड़ने का साहस दिखाना चाहिए। जहां उसका जनाधार कमजोर है, वहां व्यावहारिक गठबंधन से परहेज नहीं होना चाहिए। लेकिन गठबंधन का अर्थ आत्मसमर्पण नहीं हो सकता।

राहुल गांधी के सामने सबसे बड़ी चुनौती भी यही है कि वे विपक्षी राजनीति के एक प्रभावशाली चेहरे से आगे बढ़कर कांग्रेस को एक मजबूत संगठनात्मक विकल्प बनाएं। उन्हें केवल दूसरे दलों के नेताओं को एक मंच पर लाने की कोशिश नहीं करनी चाहिए, बल्कि कांग्रेस के भीतर नई पीढ़ी के नेतृत्व को तैयार करना होगा।

कांग्रेस को बूथ स्तर पर संगठन, स्थानीयनेतृत्व,जनसमस्याओं पर निरंतर आंदोलन और जनता से सीधे संवाद की राजनीति अपनानी होगी। उसे यह भरोसा पैदा करना होगा कि वह केवल भाजपा का विरोध करने वाला दल नहीं, बल्कि देश को एक वैकल्पिक राजनीतिक और आर्थिक दिशा देने में सक्षम पार्टी है।

आखिरकार राजनीति में स्थायी मित्र और स्थायी शत्रु नहीं होते, स्थायी हित होते हैं। INDIA गठबंधन के सहयोगी दल यदि अपने हितों के अनुसार राजनीतिक फैसले लेते हैं तो कांग्रेस को भी अपने हितों और भविष्य के अनुसार निर्णय लेने का अधिकार है।

मोदी-शाह की राजनीतिक रणनीति के सामने विपक्ष को अब केवल एकजुटता की तस्वीर नहीं, बल्कि एकजुटता की वास्तविक ताकत दिखानी होगी। यदि सहयोगी दल साथ नहीं चलना चाहते तो कांग्रेस को उनके पीछे अपनी राजनीतिक यात्रा रोकने की जरूरत नहीं है।

रास्ता लंबा है, संघर्ष कठिन है और मंजिल भी आसानी से मिलने वाली नहीं। लेकिन कांग्रेस के लिए अब सबसे जरूरी है कि वह अपनी राजनीतिक पहचान, अपना संगठन और जनता का विश्वास वापस हासिल करे।
क्योंकि सवाल अब यह नहीं है कि INDIA गठबंधन कितने दिन चलेगा, सवाल यह है कि इस गठबंधन के बिखरने के बाद विपक्ष की राजनीति में कौन टिकेगा और कौन इतिहास का हिस्सा बन जाएगा।

हो सकता है आने वाले वर्षों में भारतीय राजनीति का नक्शा बदल जाए। कई क्षेत्रीय दल अपनी पुरानी ताकत खो दें, कई नए राजनीतिक समीकरण बनें और कुछ पुराने राजनीतिक चेहरे अप्रासंगिक हो जाएं। लेकिन इस पूरी उथल-पुथल में कांग्रेस के पास एक अवसर जरूर है।

वह अवसर है अपनी खोई हुई जमीन वापस हासिल करने का।
अब कांग्रेस को यह तय करना है कि वह दूसरों की राजनीतिक शर्तों पर चलती रहेगी या अपनी राह खुद बनाएगी।
अंततः उसे ‘एकला चलो’ की नीति अपनानी ही होगी। बैसाखियों के सहारे सत्ता तक पहुंचने से बेहतर है कि वह अपने पैरों पर खड़े होकर लंबी राजनीतिक लड़ाई लड़े।

Check Also

एक सिपाही का सस्पेंशन :असली और नकली का फेर, एक कहानी जो हकीकत है

🔊 Listen to this @विनोद भगत शहर के सबसे व्यस्त चौराहे पर हवलदार रामलाल की …

googlesyndication.com/ I).push({ google_ad_client: "pub-