Breaking News

जागेश्वर धाम की प्राचीन मूर्तियां दिल्ली ले जाने की तैयारी का आरोप, विरोध में उमड़े स्थानीय लोग; बोले- किसी भी कीमत पर नहीं जाने देंगे अपनी धरोहर

@शब्द दूत ब्यूरो (28 नवंबर 2026)

जागेश्वर। उत्तराखंड के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल जागेश्वर धाम में उस समय हड़कंप मच गया, जब सरकारी पुरातात्विक संग्रहालय में रखी प्राचीन मूर्तियों को दिल्ली ले जाने की तैयारी की जानकारी स्थानीय लोगों को मिली। देखते ही देखते मंदिर क्षेत्र के पुजारी, व्यापारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग संग्रहालय पहुंच गए। लोगों ने मूर्तियों को दिल्ली स्थानांतरित किए जाने का कड़ा विरोध करते हुए स्पष्ट कर दिया कि वे अपनी सांस्कृतिक और धार्मिक धरोहर को किसी भी कीमत पर जागेश्वर से बाहर नहीं जाने देंगे।

स्थानीय लोगों के अनुसार, संग्रहालय में रखी प्राचीन मूर्तियों को सुरक्षित पैक करने के लिए विशेष तैयारियां की गई थीं। मौके पर कपड़ा, फोम और स्टील से संबंधित पैकिंग सामग्री पहुंच चुकी थी। लोगों का दावा है कि मूर्तियों को पैक कर दिल्ली भेजने की पूरी तैयारी थी और यदि समय रहते इसकी जानकारी स्थानीय लोगों को नहीं मिलती तो मूर्तियां उसी दिन दिल्ली रवाना हो सकती थीं।

जैसे ही इस गतिविधि की जानकारी क्षेत्र के लोगों को हुई, बड़ी संख्या में लोग संग्रहालय पहुंच गए और मूर्तियों को बाहर ले जाने का विरोध शुरू कर दिया।

मूर्तियों को स्थानांतरित किए जाने की आशंका के विरोध में जागेश्वर धाम के पुजारी, स्थानीय व्यापारी और आसपास के क्षेत्रों के लोग एकजुट दिखाई दिए। लोगों का कहना है कि ये मूर्तियां केवल पत्थर की कलाकृतियां नहीं हैं, बल्कि उत्तराखंड की प्राचीन संस्कृति, धार्मिक आस्था और ऐतिहासिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।

उनका कहना है कि सदियों से जागेश्वर की पहचान इन प्राचीन मंदिरों और मूर्तियों से जुड़ी हुई है। ऐसे में इन्हें इनके मूल स्थान से हटाना क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान और जनभावनाओं के साथ खिलवाड़ होगा।

मौके पर पुरातत्व विभाग के अधिकारी भी मौजूद बताए गए, लेकिन स्थानीय लोगों के अनुसार अधिकारियों की ओर से मूर्तियों को दिल्ली ले जाने के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। अधिकारियों का कहना था कि केवल तैयारी की जा रही है। हालांकि, मौके पर मौजूद पैकिंग सामग्री को देखकर स्थानीय लोग इसे मूर्तियों को स्थानांतरित करने की तैयारी मान रहे हैं।

लोगों ने अधिकारियों से इस पूरी कार्रवाई का उद्देश्य स्पष्ट करने और मूर्तियों को कहीं भी स्थानांतरित नहीं किए जाने की मांग की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जागेश्वर धाम केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि उत्तराखंड की ऐतिहासिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान है। यहां की प्राचीन मूर्तियां हमारे पूर्वजों की विरासत हैं। इनका संरक्षण जागेश्वर में ही होना चाहिए।

लोगों ने शासन-प्रशासन और पुरातत्व विभाग से मांग की है कि जनभावनाओं का सम्मान करते हुए मूर्तियों को दिल्ली ले जाने की किसी भी योजना को तत्काल रोका जाए।

अब शासन-प्रशासन के फैसले पर टिकी निगाहें

इस पूरे घटनाक्रम के बाद जागेश्वर धाम में मूर्तियों के स्थानांतरण को लेकर विरोध तेज हो गया है। स्थानीय जनता ने साफ संदेश दिया है कि अपनी सांस्कृतिक धरोहर की रक्षा के लिए वे एकजुट हैं।

अब देखना होगा कि पुरातत्व विभाग और शासन-प्रशासन इस मामले में क्या रुख अपनाते हैं और स्थानीय लोगों की मांग पर क्या निर्णय लिया जाता है।

 

Check Also

‘वॉयस ऑफ पीस’ के मंच पर शहीदों के दस परिवारों को किया गया सम्मानित, प्रत्येक परिवार को ₹50 हजार की आर्थिक सहायता

🔊 Listen to this     देहरादून, 25 नवंबर 2026: Tans Humanity Foundation के तत्वावधान …

googlesyndication.com/ I).push({ google_ad_client: "pub-