@शब्द दूत ब्यूरो (07 अक्टूबर 2026)
प्रसिद्ध नीम करोली बाबा के कैंची धाम में भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था के बेहतर प्रबंधन को लेकर कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत की अध्यक्षता में हुई बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए हैं। बीते वीकेंड पर कैंची धाम में 50 हजार श्रद्धालु पहुंचे थे।बैठक में फैसला लिया गया कि कैंची धाम में श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकासी के रास्ते अलग-अलग रखे जाएंगे। प्रतिदिन 25000 श्रद्धालु ही दर्शन कर पाएंगे। साथ ही ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की भी तैयारी है।
बैठक में कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने कहा कि एक ही स्थान पर दोनों तरफ से आवाजाही होने पर भगदड़ या अन्य खतरे की स्थिति बन सकती है। हर वीकेंड और विशेष पर्व से पहले एसडीएम, सीओ और एआरटीओ बैठक कर यातायात, शटल और पार्किंग समेत व्यवस्थाओं की रूपरेखा तय करेंगे। श्रद्धालुओं की होटल बुकिंग भी जांची जाएगी। बैठक में टैक्सी बाइक के नाम पर बाइक किराए पर देने का मामला सामने आया। बताया, कि टैक्सी बाइक योजना में चालक के साथ एक यात्री के बैठने का प्रावधान है, ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
बूथ स्थापित करने के निर्देश
कमिश्नर ने परिवहन विभाग को वीकेंड पर टैक्सी बाइकों की नियमित चेकिंग करने तथा भीमताल विकास भवन पार्किंग व भवाली सेनिटोरियम में परिवहन बूथ स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कैंची मंदिर समिति को श्रद्धालुओं की निगरानी हेतु हेड काउंट कैमरे लगाने और 15 दिन में स्वचालित गेट व्यवस्था के निर्देश दिए। वहीं, बारापत्थर में टोल पास की कम चौड़ाई से लगने वाले जाम पर भी चर्चा की गई।
शिप्रा नदी में नहाने पर रोक ओवररेटिंग पर कार्रवाई
शिप्रा नदी में श्रद्धालुओं के नहाने और पिकनिक मनाने की शिकायतों पर वन विभाग की ड्यूटी लगाने का निर्णय लिया गया है। नदी में स्नान करने पर सख्त कार्रवाई होगी। धाम के आसपास होटल होमस्टे के मनमाने दाम वसूलने की शिकायतों पर एसडीएम और पर्यटन अधिकारी को उचित दरों की सूची चस्पा करने के निर्देश दिए। तय दर से अधिक वसूली पर लाइसेंस निरस्त किया जाएगा। कहा, निरीक्षण कर कार्रवाई होगी तथा बड़ी बस पार्किंग में स्नान की व्यवस्था विकसित की जाएगी।
लोअर मालरोड का काम पूरा करने का दावा
नैनीताल मालरोड की यातायात व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। लोनिवि ने इसी माह कार्य पूरा कर यातायात सुचारू करने का आश्वासन दिया गया। तय समय में काम पूरा नहीं होने पर डिपार्टमेंट इलेक्शन प्रस्तावित किया जाएगा।
सड़कों को गड्डा मुक्त करने के निर्देश
कमिश्नर ने सड़कों को गड्ढामुक्त करने के भी निर्देश दिए। जिसपर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि डामरीकरण एवं पैचवर्क का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने सड़कों का कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा।
श्रद्धालुओं की संख्या 25 हजार तय करने की तैयारी
नैनीताल। बीते वीकेंड के दौरान कैंची धाम में उमड़ी अत्यधिक भीड़ की वजह से चरमराई व्यवस्थाओं की चारों तरफ हो रही आलोचना के बाद अब शासन-प्रशासन हरकत में आ गया है। लोग धाम में उमड़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने में नाकामी और अल्मोड़ा हाईवे पर लगे भीषण जाम को प्रशासन की बड़ी नाकामी मान रहे हैं। इसी क्रम में कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने मंगलवार को अधिकारियों की समीक्षा बैठक बुलाई। नैनीताल स्थित जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण के सभागार में हुई बैठक में कैंची धाम में प्रतिदिन दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 20 से 25 हजार तय करने पर सहमति बनी।
वीकेंड में पहुंचे थे 50 हजार श्रद्धालु, ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की तैयारी
हालांकि यह संख्या फिलहाल प्रस्तावित रखी गई है, जिसे आवश्यकता के अनुसार बदला जा सकेगा। कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने बताया कि बीते वीकेंड 50 हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंच गए थे, जिससे भवाली-अल्मोड़ा नेशनल हाईवे पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। वर्तमान इंफ्रास्ट्रक्चर इतनी बड़ी संख्या को संभालने के लिए पर्याप्त नहीं है। व्यवस्था में सुधार के लिए श्रद्धालुओं के ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था लागू करने की तैयारी है, जिसके लिए नैनीताल डीएम और एसएसपी शासन को संयुक्त सिफारिश भेजेंगे। पुलिस के अनुसार वर्तमान में 20 से 25 हजार श्रद्धालुओं को आसानी से संभाला जा सकता है। पहले चरण में केवल निजी वाहनों से आने वाले श्रद्धालुओं की ऑनलाइन बुकिंग जांची जाएगी, जबकि टैक्सी व बसों से आने वालों के लिए शटल सेवा चलाने पर विचार हुआ। इसका उद्देश्य अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर जाने वाले यात्रियों को जाम से बचाना है। यहां आरटीओ, होटल, रेस्टोरेंट, टैक्सी और केएमओयू स्टेकहोल्डर्स ने भी अपने सुझाव दिए।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal



