@शब्द दूत ब्यूरो (07 अक्टूबर 2026)
काशीपुर। नगर निगम काशीपुर की ओर से स्वच्छ भारत मिशन के तहत वार्ड नंबर 13 स्थित कृपाल आश्रम परिसर में स्वच्छता चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में वार्डवासियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की और स्वच्छता से जुड़े स्थानीय मुद्दों पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वच्छता अभियान को केवल नगर निगम की जिम्मेदारी तक सीमित न रखते हुए इसे जनभागीदारी से जोड़ना और प्रत्येक नागरिक को अपने वार्ड की स्वच्छता के प्रति जिम्मेदार बनाना रहा।
चौपाल में महापौर दीपक बाली ने “मेरा वार्ड, मेरी जिम्मेदारी! स्वच्छ काशीपुर, हमारी भागीदारी!!” का संदेश देते हुए लोगों से अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई बनाए रखने तथा नगर निगम की स्वच्छता व्यवस्था में सक्रिय सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने वार्डवासियों से सीधे संवाद करते हुए कहा कि स्वच्छ काशीपुर का सपना तभी साकार हो सकता है, जब नगर निगम के साथ शहर की जनता भी अपनी जिम्मेदारी समझे।
महापौर ने लोगों से अपील की कि यदि कूड़ा उठाने वाली गाड़ी समय पर नहीं पहुंचती है तो वाहन पर लिखे संपर्क नंबर पर सूचना दें। इसके बावजूद समस्या का समाधान न होने पर नगर निगम अधिकारियों अथवा उनसे सीधे संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए शिकायतों का समय पर सामने आना और उनका समाधान होना जरूरी है।
चौपाल के मुख्य अतिथि भाजपा जिला महामंत्री अमित सिंह ने महापौर दीपक बाली की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि आमतौर पर नेताओं के बारे में यह धारणा रहती है कि चुनाव जीतने के बाद वे जनता के बीच नहीं जाते, लेकिन काशीपुर की जनता द्वारा जननायक के रूप में चुने गए दीपक बाली लगातार लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की उनकी कार्यशैली और शहर को बेहतर बनाने की उनकी चिंता दिखाई देती है।
अमित सिंह ने कहा कि कोई भी शहर केवल चमचमाते भवनों और ऊंची इमारतों से सुंदर नहीं बनता, बल्कि उसकी वास्तविक सुंदरता स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण से होती है। जब महापौर शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए प्रयास कर रहे हैं तो नागरिकों का भी दायित्व है कि वे इसमें पूरा सहयोग करें।
चौपाल में बड़ी संख्या में मौजूद महिला-पुरुषों और बच्चों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई तथा लोगों को स्वच्छता साथी बनाया गया। लोगों से सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा नहीं डालने, कूड़ा निर्धारित वाहन में ही देने तथा अपने आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने की अपील की गई।
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता को लेकर लोगों को खेल-खेल में जागरूक किया गया। स्थानीय स्तर पर स्वच्छता से जुड़ी समस्याओं पर संवाद करते हुए उनके समाधान की दिशा में भी पहल की गई। वक्ताओं ने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने की जिम्मेदारी केवल नगर निगम या सफाई कर्मचारियों की नहीं है। प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी से ही स्वच्छता अभियान को स्थायी सफलता मिल सकती है।
चौपाल की विशिष्ट अतिथि भाजपा संयुक्त प्रकोष्ठ की जिला संयोजक मुकेश चावला रहीं, जबकि कार्यक्रम की संयोजक वार्ड नंबर 13 की पार्षद गुंजन प्रजापति रहीं। इस अवसर पर सहायक नगर आयुक्त शालिनी नेगी, एसआई दिनेश ध्यानी, मंडल महामंत्री मोहित भारद्वाज, अशोक सैनी, पूर्व पार्षद अनिल चौहान, देव प्रजापति, पार्षद पति घनश्याम सैनी, चरणजीत सिंह, सेवानिवृत्त अधिशासी अभियंता सिंचाई तरुण कुमार, शिक्षक देवेंद्र चौहान, चौधरी समरपाल सिंह, पूर्व प्रधानाचार्य उमराव सिंह, रूप सिंह बोरा, संतोष देवी, रामवती, पुष्पा, भूरी, दमयंती, निशा चौहान, सुरेश चंद्र गुप्ता, डीएस कौशल, कीर्ति केसरी, राजेंद्र सिंह चौहान, सुरेश कुमार गुप्ता, मनीष चावला, परवेज खान, भाव्या पांडे, राफिया, युक्ता, अभिनव राजपूत, उषा शर्मा, सुधाकर अग्रवाल, जावेद, अभिषेक तिवारी, अजय, प्रियांशी, हेमवती, वंदना, रुचि चक्रवर्ती, आरती, कंचन, रेनू, पूर्व एसआई चरणजीत सिंह सहित वार्ड के सैकड़ों महिला-पुरुष और बच्चे मौजूद रहे।
चौपाल के माध्यम से वार्ड 13 में स्वच्छता को लेकर जनजागरूकता के साथ-साथ नागरिकों और नगर निगम के बीच संवाद को मजबूत करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में इस बात पर जोर रहा कि स्वच्छ काशीपुर केवल अभियान नहीं, बल्कि हर नागरिक की साझा जिम्मेदारी है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal



