@शब्द दूत ब्यूरो (07 अगस्त 2026)
काशीपुर। नगर निगम काशीपुर के इतिहास में पहली बार ऐसा देखने को मिला जब शहर की जनसमस्याओं से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी नगर निगम सभागार में एक साथ उपस्थित हुए और पार्षदों द्वारा उठाई गई समस्याओं के समाधान के लिए न केवल जवाब दिया, बल्कि उनके निस्तारण की समय-सीमा भी तय की।
महापौर दीपक बाली की पहल पर आयोजित समन्वय बैठक की अध्यक्षता उन्होंने स्वयं की। बैठक में मुख्य नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में पार्षद मौजूद रहे। बैठक का उद्देश्य वार्डों में लंबे समय से लंबित जनसमस्याओं का विभागवार समाधान सुनिश्चित करना था।
बैठक में पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इनमें ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने, नए ट्रांसफार्मर स्थापित करने, नालियों और सड़कों के बीच लगे बिजली के खंभों को हटाने, जर्जर विद्युत पोल बदलने, नए बिजली के खंभे लगाने तथा सड़कों पर झूल रही विद्युत लाइनों को दुरुस्त कराने जैसी समस्याएं प्रमुख रहीं।
विद्युत विभाग की ओर से उपस्थित एसडीओ महक मिश्रा एवं दीपचंद पांडे ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान के लिए निर्धारित समय-सीमा बताई और तय अवधि में कार्य पूरा कराने का आश्वासन दिया।
पार्षद संजय शर्मा ने बिजली एवं अतिक्रमण की समस्या के साथ बरसात के मौसम में सांप एवं अन्य विषैले जीव-जंतुओं के काटने की घटनाओं को देखते हुए काशीपुर में आवश्यक वैक्सीन एवं इंजेक्शनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग उठाई। इस पर एलडी भट्ट राजकीय चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एस.के. दीक्षित ने बताया कि अस्पताल में सभी आवश्यक दवाइयां एवं एंटी-स्नेक वेनम पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं और जरूरत पड़ने पर तत्काल उपचार की व्यवस्था की जाती है।
बैठक में पार्षद अनिल कुमार, कुलदीप शर्मा, बीना नेगी, दीपा पाठक, पुष्कर बिष्ट, सतीश कुमार, वैशाली गुप्ता, घनश्याम सैनी, प्रिंस बाली, अब्दुल कादिर, मोहम्मद अर्शी, मयंक मेहता, नेता प्रतिपक्ष राशिद फारुकी तथा पार्षद पति सादिक हुसैन सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याएं रखीं। सभी पार्षदों ने महापौर द्वारा आयोजित इस समन्वय बैठक की सराहना करते हुए इसे जनहित में महत्वपूर्ण पहल बताया। सादिक हुसैन ने सुझाव दिया कि इस प्रकार की बैठक प्रत्येक माह आयोजित की जानी चाहिए।
महापौर दीपक बाली ने अधिकारियों से कहा कि बैठक में उठाई गई सभी समस्याओं का निर्धारित समय के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए। यदि किसी समस्या का स्थानीय स्तर पर समाधान संभव नहीं है तो संबंधित विभाग इसकी जानकारी दें, ताकि उच्च स्तर पर आवश्यक कार्रवाई कराई जा सके।
बैठक में सिंचाई विभाग का कोई अधिकारी उपस्थित नहीं हुआ, जिस पर महापौर ने नाराजगी जताते हुए इसे गंभीरता से लिया।
बैठक में एआरटीओ संदीप वर्मा, जल संस्थान के नरेंद्र कुमार रिखाड़ी, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के विपिन चंद्र पाठक, राजकीय चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एस.के. दीक्षित, डॉ. अजयवीर सिंह, शिक्षा विभाग के अजय शंकर कौशिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अधीक्षक अनिरुद्ध गौड़ ने किया। इस अवसर पर सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल, कार्यालय अधीक्षक विकास शर्मा, मेयर प्रतिनिधि चौधरी समरपाल सिंह, जसवीर सिंह सैनी, मुकेश चावला, प्रकाश नेगी सहित अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal