@शब्द दूत ब्यूरो (22 जून 2026)
काशीपुर। नगर निगम काशीपुर के महापौर दीपक बाली ने वार्ड संख्या 36 कटोराताल उत्तरी स्थित रामनगर रोड पर एलडी भट्ट राजकीय चिकित्सालय में 63 लाख 31 हजार रुपये की लागत से बनने वाली जल संचयन परियोजना का विधिवत शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निरंतर सहयोग और विकासोन्मुखी सोच के चलते काशीपुर में विकास कार्यों को नई गति मिल रही है।
महापौर दीपक बाली ने कहा कि जल संरक्षण और भूजल संवर्धन वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकताओं में से हैं। राजकीय चिकित्सालय में बनने वाली यह जल संचयन परियोजना न केवल वर्षा जल के संरक्षण में सहायक होगी, बल्कि भविष्य में जल संकट की चुनौतियों से निपटने और पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती प्रदान करेगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का काशीपुर की जनता के प्रति विशेष स्नेह है, जिसके कारण शहर को लगातार विकास योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी काशीपुर विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।
महापौर दीपक बाली ने कहा कि उनकी प्राथमिकता जनहित से जुड़े कार्यों को गति देना और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि विकास की दूरदर्शी सोच और जनकल्याण की नीति के तहत नगर निगम शहर में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, पर्यावरण संरक्षण और जनसुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि जनता के विश्वास और सहयोग से काशीपुर को एक विकसित, स्वच्छ और सुविधासंपन्न शहर बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।
शिलान्यास कार्यक्रम में एलडी भट्ट राजकीय चिकित्सालय के सीएमएस एस.के. दीक्षित, पार्षद शाह आलम, पार्षद रवि कुमार प्रजापति, ईश्वर चंद गुप्ता, शक्ति केंद्र संयोजक अमर सिंह रावत, प्रकाश नेगी, मंडल अध्यक्ष सचिन ठाकुर, मंडल उपाध्यक्ष राजीव अरोरा, एम.एम. पंत, चौधरी समरपाल सिंह, जसवीर सिंह सैनी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal