@शब्द दूत ब्यूरो (05 अक्टूबर 2025)
रुद्रपुर। रुद्रपुर तहसील के ग्राम अमरपुर में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने आज खरीफ फसल धान की क्रॉप कटिंग की। इस दौरान उन्होंने कृषक जितेन्द्र कुमार के खेत का निरीक्षण करते हुए फसल की गुणवत्ता, पैदावार और खेती में अपनाई जा रही आधुनिक तकनीकों का जायजा लिया। क्रॉप कटिंग प्रक्रिया में 43.3 वर्ग मीटर क्षेत्र से 30.20 किलोग्राम धान का उत्पादन हुआ, जिससे औसतन लगभग 28 कुंतल प्रति एकड़ की उपज दर्ज की गई।
पूरी प्रक्रिया को भारत सरकार के कृषि उत्पादन ऐप GCES और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के ऐप CCE AGRI के माध्यम से पोर्टल पर अपलोड किया गया। इस प्रक्रिया से फसलों की औसत उपज, उत्पादन क्षमता और कृषि नीति निर्माण के लिए सटीक आंकड़े प्राप्त होते हैं।
जिलाधिकारी ने कृषकों से बीज, उर्वरक, कीटनाशक तथा खेती की विधियों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने किसानों को कृषि में आधुनिक तकनीक और नवाचारों को अपनाने की सलाह दी, ताकि पैदावार और गुणवत्ता दोनों में सुधार हो सके। जिलाधिकारी भदौरिया ने कहा कि क्रॉप कटिंग जैसी प्रक्रियाएं किसानों और प्रशासन दोनों के लिए महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि इनके माध्यम से वास्तविक उत्पादन का आंकलन कर फसलों के मूल्य निर्धारण और नीति निर्माण में मदद मिलती है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal