@शब्द दूत ब्यूरो (29 अगस्त 2024)
भाजपा सासंद कंगना रनौत एक बार फिर चर्चाओं में आ गयी हैं। इस बार उन्होंने भूतपूर्व प्रधानमंत्री स्व इंदिरा गांधी की प्रशंसा की है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को लगता है कि वह राहुल गांधी की दादी थी, मुझे ऐसा नहीं लगता है। यह कहना बहुत छोटी बात है कि राहुल गांधी की दादी। सारे देश की प्रधानमंत्री थी, वह हमारा इतिहास, हमारी बुजुर्ग हैं। आप जब पूरे देश के लिए समर्पित हैं पूरे देश के हो जाते हैं आप।
कंगना ने कहा कि इंदिरा गांधी बहुत लोकप्रिय थीं। उन्होंने कहा कि सिर्फ मोदी जी को लोग भगवान का अवतार नहीं मानते, इंदिरा गांधी के साथ भी ऐसा ही था, लोग उन्हें चंडी का अवतार मानते थे। कंगना ने यह भी कहा कि वह भी इंदिरा गांधी के जीवन से सीख लेती हैं।
उल्लेखनीय है कि अक्सर कंगना रनौत, राहुल गांधी और नेहरू-गांधी परिवार को लेकर तीखी टिप्पणियां करती हैं। कंगना ने कहा, ‘मैं इतनी संकुचित नहीं हूं। इंदिरा गांधी इस देश की 3 बार प्रधानमंत्री चुनी गईं। हमारा भी उन पर उतना ही अधिकार है। ’कंगना ने पीएम मोदी की लोकप्रियता से इंदिरा गांधी की तुलना करते हुए कहा कि जिस तरह मोदी जी को कुछ लोग भगवान का अवतार मानते हैं उसी तरह इंदिरा गांधी को भी माना जाता था। कंगना ने कहा, ‘चंडी दुर्गा, इंडिया इज इंदिरा, इंदिरा इज इंडिया… लोगों ने उन्हें दुर्गा का अवतार कहा। पहली बार यह किसी नेता के साथ नहीं हो रहा कि हम सोचते हैं मोदी जी राम का अवतार हैं, यह पहली बार नहीं हो रहा है। इससे पहले भी हुआ है।