@शब्द दूत ब्यूरो (13 मार्च, 2024)
ऊधमपुर। पंचैरी की हसीन वादियों में करोड़ों की लागत से पर्यटकों के लिए तैयार हट इस महीने के अंत तक खुल जाएंगे। पर्यटन विभाग ने ऊधमपुर के पंचैरी में तैयार किए गए हट के साथ ही झज्झरकोटली में तैयार किए गए दो हट व रेस्टोरेंट का टेंडर जारी कर दिया है।
अब पर्यटक पंचैरी व झज्झरकोटली में नाइट स्टे करने के साथ लजीज व्यंजनों का आनंद उठा सकेंगे। झज्झरकोटली में वाटर स्पोर्ट्स को भी बढ़ावा दिया जाएगा। प्रधानमंत्री विकास कार्यक्रम के तहत तैयार किए इन हट को बनने के चार वर्ष बाद पर्यटकों के लिए खोला जा रहा है।
इसी को लेकर पर्यटन विभाग को 2018 में प्रधानमंत्री विकास कार्यक्रम के तहत पांच करोड़ रुपये दिए गए थे और हट बनाने की मंजूरी मिली थी। 2018 के अंत में इनका काम शुरू हुआ। जुलाई 2020 में हट पूरी तरह बनकर तैयार हो गए। पांच करोड़ रुपये में छह हट और एक रेस्टोरेंट तैयार किया गया है।
अगस्त 2020 में पर्यटन विभाग ने इसके उद्घाटन की तैयारी की। अगस्त में ही एक केंद्रीय टीम मौके पर पहुंची। जब टीम ने हट की जांच की तो कुछ कमियां पाईं। इन कमियों को दूर करने के लिए पर्यटन विभाग को निर्देश दिए गए। इन कमियों को दूर करने में पर्यटन विभाग को तीन वर्ष से अधिक का समय लग गया।
पंचैरी में तैयार हट तीन वर्ष तक इस्तेमाल नहीं किए जा सके और रखरखाव के अभाव में इनकी हालत खराब हो गई। अब ठेकेदार को इनकी मरम्मत पर काफी राशि खर्च करनी पड़ रही है। हट का नए सिरे से रंग रोगन किया जा रहा है। सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। खराब सोलर लाइटों को ठीक करवाया जा रहा है।
पर्यटन विभाग ने पंचैरी और झज्झरकोटली में तैयार हट व रेस्टोरेंट का ठेकेदार के साथ 25 वर्ष का करार किया है। इस वर्ष ठेकेदार ने 20 लाख रुपये पर्यटन विभाग को दिए हैं और हर वर्ष इस राशि में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाएगी। पर्यटकों को हट के साथ ही जनरल पार्किंग, वीआइपी पार्किंग, शौचालय, मीटिंग हाल की भी सुविधा मिलेगी।
पर्यटकों को लुभाने के लिए दोनों स्थानों पर खेल गतिविधियों का इंतजाम किया जाएगा। झज्झरकोटली में विशेष तौर पर वाटर स्पोर्ट्स का इंतजाम किया जाएगा। गर्मी के मौसम में पर्यटक झज्झरकोटली में प्राकृतिक जलस्रोत में नहाने का आनंद उठाने को पहुंचते हैं और यहां पर पर्यटकों के लिए विशेष तौर पर वाटर स्पोर्ट्स का इंतजाम किया जाएगा, जबकि पंचैरी में भी कई तरह की खेल गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal