@शब्द दूत ब्यूरो (14 दिसंबर 2023)
नयी दिल्ली। बीते रोज लोकसभा में घुसपैठ करने वाले आरोपियों ने कर्नाटक के मैसूर से भाजपा सांसद प्रताप सिम्हा के द्वारा बनाये गये पास से लोकसभा की दर्शक दीर्घा में प्रवेश किया था। इसके बाद से भाजपा के ये 42 वर्षीय सांसद चर्चाओं में हैं। आइये जानते हैं कि कौन हैं ये सांसद?
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अपना आदर्श मानने वाले भाजपा सांसद उनकी जीवनी पर आधारित एक किताब भी लिख चुके हैं।प्रताप सिम्हा जन्म सकलेशपुर हिल स्टेशन स्थित एक घर में हुआ। सिम्हा की उम्र 42 साल है और उनकी पहचान एक पूर्व पत्रकार के तौर पर भी है। वह कन्नड़ भाषा के समाचार पत्रों में कॉलम लिखते हैं। सिम्हा अपने कई कॉलम के लिए जाने जाते हैं। ‘विजया कर्नाटक’ अखबार से पत्रकार के रूप में करियर की शुरुआत करने वाले प्रताप सिम्हा अपने कॉलम ‘बेट्टाले जगत्तु’ (नग्न दुनिया) के लिए चर्चा में रहे हैं।
उन्होंने 2007 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जीवनी भी लिखी थी। जिसका शीर्षक ‘नरेंद्र मोदीः यारू थुलियादा हादी’, किसान के बेटे सांसद प्रताप सिम्हा ने संसद तक का सफर संघर्षों के बाद तय किया। वह पीएम मोदी को अपना आदर्श मानते हैं। सिम्हा युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय हैं। उन्होंने 2014 में मैसूर निर्वाचन क्षेत्र से 43.46% वोटों के साथ जीत हासिल की थी, जबकि 2019 के चुनावों में उनका वोट शेयर बढ़कर 52.27% हो गया था।
आरोपियों में से एक मनोरंजन डी सांसद को जानता था । उसने दूसरे आरोपी सागर शर्मा की पहचान एक दोस्त के रूप में कराई थी। उन्होंने नई संसद देखने के बहाने पास जारी करवाए। सिम्हा के आदेश पर बुधवार के लिए तीन पास जारी किए गए। हालांकि एक महिला को वापस लौटना पड़ा क्योंकि वह अपने बच्चे के साथ आई थी। बताया जा रहा है कि मनोरंजन डी तीन महीने से पास के लिए सिम्हा के ऑफिस का चक्कर लगा रहा था।