मामले का वीडियो वायरल होने के बाद वहां हड़कंप मच गया।
@शब्द दूत ब्यूरो (23 अगस्त 2023)
देवरिया । जनता समाधान दिवस पर यहां एक अजीबो गरीब मामला सामने आया है। एक युवक ने एसडीएम की कुर्सी पर बैठकर आदेश जारी कर दिए। आरोपी युवक का वीडियो वायरल होने के बाद उसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।
ये मामला जिले के सलेमपुर उप जिलाधिकारी (एसडीएम) के दफ्तर का है। थाना सलेमपुर के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) गोपाल त्रिपाठी ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन की जा रही है।
मामला शनिवार का बताया जा रहा है। वीडियो में एक युवक सलेमपुर एसडीएम के कार्यालय में उनकी कुर्सी पर बैठकर कागज पर कुछ लिखते हुए दिखाई दे रहा है।
मामले में एसडीएम के स्टेनो की तरफ से सलेमपुर कोतवाली थाने में आरोपी युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है, लेकिन अभी तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
एसडीएम सीमा पांडे ने बताया कि शनिवार के दिन पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी का सलेमपुर तहसील अंतर्गत भ्रमण कार्यक्रम आयोजित था और वह भी इन्हीं अधिकारियों के साथ कार्यक्रम में व्यस्त थीं, उसी दौरान दिन के करीब 12 बजे के आसपास आरोपी युवक सेराज उर्फ राजन निवासी नवलपुर, थाना सलेमपुर उनकी कुर्सी पर बैठ गया तथा सरकारी कागजों में हेर फेर करते हुए कुछ आदेश भी पारित कर दिए, जिसके बारे में गहन छानबीन की जा रही है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal
