देहरादून।महाराष्ट्र का राज्यपाल मनोनीत होने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने आज भारतीय जनता पार्टी से इस्तीफा दे दिया। श्री कोश्यारी ने प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट को अपना इस्तीफा सौंपा। राज्यपाल पद पर आसीन व्यक्ति किसी दल विशेष का सदस्य नहीं होता। इसलिए श्री कोश्यारी ने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता छोड़ दी है।
नव मनोनीत राज्यपाल श्री कोश्यारी से आज देहरादून में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मुलाकात की और उन्हें शुभकामनाएं दीं। सासंद अजय भट्ट ने भी महाराष्ट्र का राज्यपाल बनाये जाने पर श्री कोश्यारी को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह राज्य के लिए गौरव की बात है। इस अवसर पर श्री कोश्यारी ने कहा कि महाराष्ट्र और उत्तराखंड के बीच और मजबूत संबंध बनाने के प्रयास करेंगे। साथ ही वहाँ से उत्तराखंड में निवेशकों को प्रोत्साहित कर महाराष्ट्र की आर्थिक उन्नति का लाभ उत्तराखंड को मिले ऐसा उनका प्रयास रहेगा। स्वयं को राज्यपाल मनोनीत करने के लिए उन्होंने राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया।
श्री कोश्यारी से देहरादून में तमाम लोगों ने मिलकर उन्हें राज्यपाल बनाये जाने पर खुशी जाहिर की। जिसमें पत्रकार, बुद्धिजीवी और सामाजिक संगठनों के अलावा कई लोग शामिल हैं। वरिष्ठ पत्रकार अतुल बरतरिया ने भी श्री कोश्यारी को व्यक्तिगत रूप से शुभकामनाएं दी। शब्द दूत भी राज्य के प्रखर नेता भगत सिंह कोश्यारी को राज्यपाल बनने पर शुभकामनाएं देता है।