@शब्द दूत ब्यूरो (30 अक्टूबर 2022)
गुजरात के मोरबी में आज शाम केबल पुल टूटने से बड़ा हादसा हो गया। छठ पूजा के दौरान पुल पर करीब 150 लोग थे। जिनमें कई लोग नदी में गिर गये और मौके से मिली जानकारी के मुताबिक 40 से अधिक लोगों की मौत हो गई। माच्छू नदी पर बना ये पुल 3 दिन पहले ही आम लोगों के लिए खोला गया था। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि नया बना पुल कैसे टूट सकता है? राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री समेत तमाम नेताओं ने इस घटना पर शोक व्यक्त किया है।
बताया जा रहा है कि पिछले सात महीनों से बंद इस पुल को तीन दिन पहले खोला गया था जबकि अभी इसे फिटनेस सर्टीफिकेट भी नहीं मिला था। इस पुल की मरम्मत का काम ओरेवा ग्रुप ने कराया था। प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा है कि पुल जिस समय टूटा उस समय उस पर कई महिलाएं और बच्चे भी थे।
घटना की सूचना पाकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल पर युद्ध स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। कई लोग नदी में उतरे हैं।लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है। पुलिस की कई टीमें और प्रोफेशनल गोताखोर भी मौके पर पहुंचे हैं। यह पुल करीब 140 साल पुराना है।
मौके पर अभी भी बचाव अभियान चल रहा है लेकिन अंधेरे की वजह से वहाँ काफी दिक्कतें आ रही हैं। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
#WATCH | Several people feared to be injured after a cable bridge collapsed in the Machchhu river in Gujarat's Morbi area today. Further details awaited. pic.twitter.com/hHZnnHm47L
— ANI (@ANI) October 30, 2022