@शब्द दूत ब्यूरो (13 अक्टूबर 2022)
कुंडा थाना क्षेत्र में हुई दुखद घटना जिसमें कि एक महिला की मौत और कई पुलिस कर्मी घायल हो गए के पीछे खनन का खेल है।
बीते माह 13 सितंबर की रात उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के कुछ डंपर पकड़े गये थे। बताते हैं कि ये डंपर उत्तराखंड से आ रहे थे। खनन अधिकारी अशोक कुमार ने इन डंपरों को रोका ठाकुरद्वारा के उपजिलाधिकारी परमानंद भी वहाँ पहुँच गये। जैसे ही खनन माफिया को डंपर पकड़े जाने की सूचना मिली तो वह अपने गुर्गों के साथ पहुंच गया और उकसाकर डंपर पकड़ने वाली टीम पर हमला कराकर डंपर छुड़वा दिये।
ठाकुरद्वारा पुलिस ने इस घटना में पांच लोगों के विरुद्ध नामजद और डेढ़ सौ अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला भी दर्ज किया था। पुलिस मामले के आरोपियों को नहीं पकड़ पाई पचास हजार के इनामी बदमाश आबिद हुसैन निवासी गोपीवाला को भी पुलिस नहीं पकड़ पाई। आबिद को बीते सोमवार को एसटीएफ की बरेली यूनिट ने गिरफ्तार किया था।
डिलारी के कांकरखेड़ा निवासी जफर को भी पुलिस इस मामले में तलाश रही थी। उस पर भी पर मुरादाबाद पुलिस ने पचास हजार का इनाम घोषित कर रखा है।
पुलिस को जैसे ही ये सूचना मिली कि आरोपी जफर ऊधमसिंह नगर के कुंडा थानाक्षेत्र में फार्म हाउस में छिपा हुआ है।
बताते हैं कि जैसे ही पुलिस और एसओजी टीम ने आरोपी को पकड़ा तो वहां लोगों की भीड़ जुट गई। यहां जमकर बवाल हुआ। जिसमें एक महिला की मौत हो गई और छह पुलिस कर्मी घायल हो गए। घायलों को कॉसमॉस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डी आई जी के मुताबिक वहाँ जफर और उसके साथियों ने पुलिस टीम को बंधक बना लिया। पुलिस टीम पर फायरिंग की गई, जिसमें छह पुलिस कर्मी घायल हुए हैं।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal