@शब्द दूत ब्यूरो (16 फरवरी 2022)
यूक्रेन में बढ़ रहे तनाव के बीच युद्ध की आशंका के चलते भारत सरकार वहाँ रह रहे भारतीयों की सुरक्षा के लिए चिंतित है। इस बीच वहाँ भारतीय दूतावास ने भारतीयों के लिए चौबीसों घंटे मदद के लिए हेल्पलाइन भी शुरू की है। कीव स्थित भारतीय दूतावास के अधिकारियों के मुताबिक कई लोगों ने फोन पर सूचना दी है कि यूक्रेन से भारत लौटने के लिए ज्यादा फ्लाइट उपलब्ध नहीं होने की वजह से वो परेशान हैं। दूतावास के आफिसियल ने यूक्रेन में मौजूद भारतीय को परेशान न होने की सलाह दी है। यह भी कहा गया है कि वो मौजूदा उपलब्ध फ्लाइट में जल्द से जल्द टिकट लें ताकि वो अपने घर लौट सकें। विदेश मंत्रालय ने यूक्रेन के लोगों की मदद के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किये हैं। दिल्ली में कंट्रोल रूम से संपर्क करने के लिए जो नंबर जारी किये गये हैं वो इस प्रकार हैंः +91 11 23012113, +91 11 23014104, +91 11 23017905 और 1800118797….इसके अलावा situationroom@mea.gov.in. पर ईमेल कर भी संपर्क किया जा सकता है।
यूक्रेन में कई भारतीय छात्र रहते हैं। दूतावास ने उन्हें सलाह दी जाती कि वो पैनिक ना हों लेकिन उपलब्ध फ्लाइट में वो अपनी सीट जल्दी बुक करा लें ताकि वो भारत लौट सकें।’ दूतावास ने जानकारी दी है कि Ukrainian International Airlines, Air Arabia, Fly Dubai और Qatar Airways यूक्रेन में सेवाएं देने के लिए मौजूद हैं।
दूतावास ने अपने बयान में कहा कि ‘अतिरिक्त मांग को देखते हुए निकट भविष्य में यूक्रेन से भारत आने के लिए विमानों की संख्या बढ़ाने को लेकर योजना बनाई जा रही है। जल्द ही इसे लेकर सभी जानकारियां विस्तार से उपलब्ध करा दी जाएंगी। एंबेसी ने मंगलवार को यूक्रेन में मौजूद भारतीय नागरिकों और खासकर छात्रों से कहा था कि मौजूदा हालात के मद्देनजर वो अस्थायी रूप से फिलहाल यूक्रेन छोड़ दें। यह भी कहा गया था कि यूक्रेन की गैर-जरूरी यात्रा से बचें।
दरअसल मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक रूस द्वारा यूक्रेन की सीमा पर करीब 1 लाख रूसी सैनिकों को तैनात करने के बाद वहाँ तनाव बढ़ रहा है। उधर नाटो देश भी यूक्रेन पर रूस के संभावित हमले को लेकर चिंतित भी है। यद्यपि रूस लगातार यूक्रेन पर हमले की संभावना को नकार रहा है। यही नहीं उसने यह भी कहा है कि उसने यूक्रेन की सीमा पर मौजूद अपने कुछ सैनिकों को वापस भी बुला लिया है।