उत्तराखंड के खाते में उपलब्धियों की फेहरिश्त लंबी है। यहां की प्रतिभाओं का डंका दुनियाभर में बज रहा है। स्टेट ऑफ अफ्रीकन डायस्पोरा के प्रधानमंत्री के सलाहकार बने 26 वर्षीय साहिल सिंह के खाते में कुछ और उपलब्धि जुड़ गई हैं।
@शब्द दूत ब्यूरो (21 दिसंबर, 2021)
उत्तराखंड के खाते में उपलब्धियों की फेहरिश्त लंबी है। यहां की प्रतिभाओं का डंका दुनियाभर में बज रहा है। तीन माह पहले स्टेट ऑफ अफ्रीकन डायस्पोरा के प्रधानमंत्री डॉ. लुइस जॉर्ज इन के सलाहकार बने 26 वर्षीय साहिल सिंह के खाते में कुछ और उपलब्धि जुड़ गई हैं। उनकी प्रतिबद्धता को देखते हुए उन्हें प्रवक्ता एवं भारत के लिए विशेष प्रतिनिधि के अलावा अब तक 21 अतिरिक्त पदों का कार्यभार सौंपा गया है। इसके साथ ही उन्हें नागरिकता भी दे दी गई है।
साहिल ने बताया कि भारत और अफ्रीका के बीच तालमेल और संबंधों को मजबूत बनाने के लिए जल्द ही अफ्रीका सरकार 11 देशों के राष्ट्रपति के बीच अर्चुअल मीटिंग कराएगी। इसके साथ ही आयात-निर्यात को सुगम बनाने की रणनीति भी बनाई गई है।
ग्रीन पार्क रुद्रपुर निवासी सेवा सिंह के बेटे साहिल सिंह ने युवावस्था में ही कई उपलब्धियों को अपने नाम कर लिया। साहिल ने रुद्रपुर के आरएएन स्कूल से स्कूलिंग एवं महर्षि विश्वविद्यालय नोएडा से बीसीए की पढ़ाई पूरी की है। आईटी और कंप्यूटर साइंस के क्षेत्र में 33 डिप्लोमा सर्टिफिकेशन प्राप्त किए।
साहिल ने कॅरियर की शुरुआत इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के प्रशिक्षण से शुरू की और 2016 में उत्तराखंड सरकार के पूर्व मंत्री कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के निजी सचिव रहे। फिर दुबई की मल्टीनेशनल कंपनी में डायरेक्टर बने। इसके साथ भारत व कनाडा सहित कई देशों की कंपनी में काम भी किया।