काशीपुर । दो दिन बाद काशीपुर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत का कार्यक्रम है। उससे पहले ही यहाँ नगर निगम पार्षद संघ के अध्यक्ष पद को लेकर घमासान मच गया है। दो दिन पहले पार्षद राजकुमार सेठी को पार्षद संघ का अध्यक्ष चुना गया। उन्होंने बाकायदा अपनी कार्यकारिणी भी घोषित कर दी। राजकुमार सेठी भाजपा के सदस्य हैं। वैसे एक पार्षद संघ के संरक्षक कांग्रेस से और दूसरे पार्षद संघ के संरक्षक भाजपा से हैं । लेकिन दोनों ही अध्यक्ष भाजपा के सदस्य हैं।
आज 28 दिसंबर को एक बार फिर काशीपुर नगर निगम पार्षद संघ का अध्यक्ष निर्विरोध रुप से विजय कुमार बॉबी चुन लिये गये। बता दें कि विजय बॉबी भी भाजपा के ही हैं। हालांकि दोनों ही अपने आप को वास्तविक अध्यक्ष होने का दावा कर रहे हैं।
आज चुने गए अध्यक्ष विजय बॉबी के साथ नगर निगम आयुक्त व संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरव सिंघल के साथ अन्य पार्षदों का ग्रुप फोटो भी जारी किया गया। आज चुने गए पार्षद संघ के संरक्षक व वरिष्ठ भाजपा नेता पार्षद गुरविंदर सिंह चंडोक ने कहा कि आज जो चुनाव हुआ उसमें पार्षद राजकुमार सेठी को बुलाया गया था लेकिन वह नहीं आये। पहले जो चुनाव हुये उसके बारे में उन्हें जानकारी नहीं है क्योंकि वह शहर में नहीं थे।
पहले चुने गये अध्यक्ष राजकुमार सेठी का कहना है कि वही पार्षद संघ के अध्यक्ष हैं। उन्हें सभी पार्षदों का समर्थन है। भाजपा के भी और कांग्रेस के भी पार्षदों ने भी उन्हें अध्यक्ष चुना है। वहीं नया अध्यक्ष चुने जाने पर उनका कहना है कि एक वरिष्ठ पार्षद जो भाजपा के ही हैं उन्होंने अपनी मनमानी के लिए नया अध्यक्ष बनाया है। सेठी ने कहा कि वह इस बात से भाजपा जिलाध्यक्ष शिव अरोरा को भी अवगत करा चुके हैं।
आज निर्विरोध चुने गए पार्षद संघ के अध्यक्ष विजय कुमार बॉबी से फोन पर संपर्क किया गया लेकिन उनसे विस्तार से बात नहीं हो पाई है।
बहरहाल सत्तारूढ़ दल के ही दो पार्षदों के बीच चल रहे इस विवाद पार्टी के वरिष्ठ नेता अभी चुप्पी साधे हुए हैं। लेकिन दो दिन बाद प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत के काशीपुर के कार्यक्रम से पहले पार्टी नेताओं के बीच चल रहा यह विवाद सुलझ पायेगा या नहीं? यह देखना होगा।