काशीपुर । पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा गांधी की जयंंती पर आज यहाँ कुष्ठ आश्रम में आयोजित एक कार्यक्रम में कांग्रेस की प्रदेश सचिव और स्थानीय कार्यकर्ता के बीच बहस ने आपसी विवाद का रूप धारण कर लिया। यहाँ तक कि दोनों ने एक दूसरे पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है।
दरअसल आज महानगर कांग्रेस के तत्वावधान में स्व इंदिरा गांधी की जयंंती पर मौ टांडा उज्जैन में श्रद्धांजलि कार्यक्रम के साथ फल वितरण किया गया। इस दौरान वहाँ कांग्रेस के तमाम कार्यकर्ता मौजूद थे। इस बीच कांग्रेस प्रदेश सचिव श्रीमती मुक्ता सिंह और कांग्रेस के ही राशिद फारूकी के बीच बहस होने लगी। बहस इस कदर बढ़ गई कि दोनों ने एक दूसरे पर अभद्रता करने का आरोप लगा दिया।
कांग्रेस प्रदेश सचिव श्रीमती मुक्ता सिंह ने शब्द दूत को बताया कि कार्यक्रम के दौरान फोटो खिंचवाने को लेकर राशिद फारूकी ने उन पर तंज कसा। जिसका उन्होंने प्रतिवाद किया। इतनी सी बात पर फारूकी ने उन्हें अपमानजनक शब्दों से संबोधित किया। जिससे वह आहत हुई हैं। श्रीमती मुक्ता सिंह ने कहा कि अपने राजनीतिक और निजी जीवन में वह सदैव सभी को सम्मान देती आई है ऐसे में राशिद फारूकी के अभद्र व्यवहार से उन्हें दुख हुआ है।
उधर राशिद फारूकी ने आरोप लगाते हुए कहा कि जिन्हें वह राजनीति में अपना आदर्श मानते हैं उन्होंने ही उनके साथ अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया है। राशिद फारूकी ने कहा वह राजनीतिक नेता के तौर पर उनका सम्मान करते हैं। अपने बीस वर्षों के राजनीतिक जीवन में उन्होंने कभी किसी का अपमान नहीं किया। राशिद फारुकी का कहना है कि वह मीडिया के सामने उन शब्दों का खुलासा नहीं कर सकते। यदि पार्टी फोरम ने उन्हें अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया तो वह वहीं सच्चाई बतायेंगे।
बहरहाल इस सारे प्रकरण के बीच कांग्रेस महानगर अध्यक्ष संदीप सहगल ने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है। वह कार्यक्रम में थे लेकिन यह प्रकरण उनके संज्ञान में नहीं है। इसलिये वह कुछ कह नहीं सकते।