काशीपुर । भाजपा विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन के वायरल आडियो को लेकर आम आदमी पार्टी ने उन्हें बर्खास्त करने की मांग की है।
आज यहाँ आप के प्रदेश प्रवक्ता मयंक शर्मा ने ,चैंपियन को आड़े हाथों लेते हुए कहा, विधायक चैंपियन कभी सुधरने वाले नहीं हैं। गालियां देने में और धमकाने में, ये खुद की शान समझते हैं। उत्तराखंड को गाली देने के मामले में बीजेपी से निष्कासन के बाद महज तेरह महीनों में बीजेपी ने उनको वापिस पार्टी में बुला कर उत्तराखंड की जनता का अपमान किया।
बता दें कि खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन का एक ऑडियो आजकल सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा। जिसमें वो लक्सर के महाविद्यालय में धरने पर बैठे कार्यकर्ताओं की मांग पूरी होने पर उसका श्रेय खुद लेते हुए एबीवीपी के प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य को धमका रहे हैं और गाली गलौच कर रहे।
मयंक शर्मा ने कहा कि चैंपियन ने भी माफी मांगने का ढोंग रचते हुए खुद को पहाड़ से जोड़ने की कोशिश की लेकिन चंद महीनों में उनकी हकीकत एक बार फिर सामने आ गई और सोशल मीडिया में सामने आए इस ऑडियो ने एक बार फिर बता दिया,ये चैंपियन नहीं सुधरने वाला। गाली देना,धमकाना चैंपियन की आदत है जिसे वो कभी नहीं छोड़ सकते हैं। 


Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal