Breaking News

महापौर दीपक बाली के अनुरोध पर धामी सरकार ने घटाया कन्वर्जन शुल्क, 150% से फिर 15% हुआ व्यावसायिक शुल्क

@शब्द दूत ब्यूरो (28 नवंबर 2026)

काशीपुर। उत्तराखंड के भू-व्यापारियों, रियल एस्टेट कारोबारियों, निवेशकों और आम ग्राहकों के लिए राहत की खबर है। भूमि उपयोग परिवर्तन (लैंड यूज कन्वर्जन) शुल्क में की गई भारी वृद्धि को वापस लेते हुए राज्य सरकार ने व्यावसायिक गतिविधियों के लिए शुल्क को 150 प्रतिशत से घटाकर पूर्व निर्धारित 15 प्रतिशत करने का निर्णय लिया है। महापौर दीपक बाली ने इस फैसले के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताते हुए इसे प्रदेश के व्यापारिक और व्यावसायिक क्षेत्र के लिए राहत देने वाला कदम बताया है।

दरअसल, भूमि उपयोग परिवर्तन एवं उच्चीकरण शुल्क को पहले निर्धारित 15 प्रतिशत से बढ़ाकर सामान्य मामलों में 100 प्रतिशत और व्यावसायिक उपयोग के लिए 150 प्रतिशत किए जाने से प्रदेशभर के भू-व्यापारियों, रियल एस्टेट कारोबारियों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में चिंता बढ़ गई थी। कारोबारियों का कहना था कि शुल्क में इतनी अधिक वृद्धि से न केवल उनका आर्थिक बोझ बढ़ेगा, बल्कि इसका सीधा असर निवेश, व्यावसायिक गतिविधियों और अंततः ग्राहकों पर भी पड़ेगा।

इस समस्या को लेकर काशीपुर के व्यापारी पिछले महीने महापौर दीपक बाली से मिले थे। व्यापारियों ने उन्हें अपनी परेशानियों से अवगत कराते हुए शुल्क वृद्धि को वापस कराने की मांग उठाई थी। महापौर ने व्यापारियों को आश्वस्त किया था कि वह इस मामले को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष उठाकर राहत दिलाने का प्रयास करेंगे।

अपने इसी आश्वासन के क्रम में महापौर दीपक बाली 31 अक्टूबर को देहरादून पहुंचे और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर उन्हें इस संबंध में एक अनुरोध पत्र सौंपा। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि भूमि उपयोग परिवर्तन शुल्क में अत्यधिक वृद्धि से छोटे और मध्यम स्तर के कारोबारियों के सामने गंभीर आर्थिक कठिनाइयां खड़ी हो रही हैं। इसका प्रभाव केवल भू-व्यापारियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रदेश में रोजगार, निवेश और व्यावसायिक गतिविधियां भी प्रभावित होंगी। उन्होंने जनहित और प्रदेश के आर्थिक विकास को ध्यान में रखते हुए शुल्क को फिर से व्यावहारिक स्तर पर निर्धारित करने का अनुरोध किया था।

मुख्यमंत्री ने महापौर की बातों को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया था। अब देहरादून में हुई कैबिनेट बैठक में सरकार ने व्यावसायिक उपयोग के लिए बढ़ाए गए कन्वर्जन शुल्क को घटाकर फिर से 15 प्रतिशत करने का निर्णय लिया है। इससे काशीपुर के साथ-साथ पूरे उत्तराखंड के कारोबारियों और निवेशकों को राहत मिलने की उम्मीद है।

महापौर दीपक बाली ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस निर्णय से प्रदेश के भू-व्यापारियों, रियल एस्टेट कारोबारियों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और ग्राहकों को बड़ी राहत मिलेगी। शुल्क में कमी आने से कारोबार पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ कम होगा और प्रदेश में निवेश की संभावनाओं को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

उन्होंने कहा कि भूमि उपयोग परिवर्तन शुल्क में भारी वृद्धि से छोटे और मध्यम व्यापारियों के सामने मुश्किलें खड़ी हो रही थीं। इसका असर आम ग्राहकों पर भी पड़ना स्वाभाविक था। मुख्यमंत्री ने व्यापारियों और आम जनता की इस समस्या को समझते हुए जो निर्णय लिया है, वह प्रदेश के आर्थिक विकास और व्यापारिक गतिविधियों के हित में महत्वपूर्ण है।

महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने व्यापारियों की मांग पर सकारात्मक कार्रवाई कर यह संदेश दिया है कि सरकार जनसमस्याओं और स्थानीय कारोबारियों की परेशानियों को गंभीरता से सुनती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि शुल्क में व्यावहारिक राहत मिलने से प्रदेश में रियल एस्टेट कारोबार, व्यावसायिक गतिविधियों और निवेश को गति मिलेगी।

Check Also

मुख्यमंत्री धामी को सिख समुदाय ने दी ‘शेर-ए-उत्तराखण्ड’ की उपाधि

🔊 Listen to this   गुरु नानक देव जी महाराज के प्रथम प्रकाश पर्व (गुरुपर्व) …

googlesyndication.com/ I).push({ google_ad_client: "pub-