@शब्द दूत ब्यूरो (24 नवंबर 2026)
51 फीसदी हिस्सेदारी के नाम पर कारोबारी साझेदारी में बड़ा विवाद, पत्नी का सोना बैंक में गिरवी रखने और करोड़ों रुपये की कथित हेराफेरी का आरोप; पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
काशीपुर। उत्तराखंड के काशीपुर में कारोबारी साझेदारी के नाम पर करोड़ों रुपये के लेन-देन का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने व्यापारिक जगत में हलचल मचा दी है। मामला 8 करोड़ रुपये के निवेश, 1.70 किलोग्राम सोने, करोड़ों की कथित वित्तीय अनियमितताओं और AI से अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी तक पहुंच गया है। एक कारोबारी ने अपने ही व्यावसायिक साझेदार पर धोखाधड़ी, धमकी और परिवार को बदनाम करने की साजिश रचने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के आधार पर आईटीआई कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता पुष्प अग्रवाल के मुताबिक, उनकी पारिवारिक फर्म ‘हरिरोलर फ्लोर मिल्स’ में 51 प्रतिशत हिस्सेदारी देने को लेकर अमित अरोरा के साथ समझौता हुआ था। आरोप है कि समझौते के तहत 31 जनवरी 2026 तक 8 करोड़ रुपये निवेश किए जाने थे। साथ ही तीन साल तक शेयर नहीं निकालने की शर्त भी तय हुई थी।
लेकिन शिकायतकर्ता का आरोप है कि साझेदारी शुरू होने के बाद ही निवेश और आर्थिक लेन-देन को लेकर विवाद खड़ा हो गया। आर्थिक तंगी का हवाला देकर उनकी पत्नी का करीब 1.70 किलोग्राम सोना बैंक में लोन के लिए गिरवी रखवा लिया गया। दूसरी ओर, फर्म से भी लगातार रकम निकाले जाने का आरोप लगाया गया ।
शिकायत में एक और चौंकाने वाला आरोप लगाया गया है। पुष्प अग्रवाल के अनुसार, 12 और 13 अगस्त को सोना छुड़ाने के नाम पर फर्म से करीब 1 करोड़ 72 लाख रुपये निकाले गए, लेकिन 13 अगस्त को बैंक में केवल 4.90 ग्राम सोना ही वापस दिया गया।
इतना ही नहीं, शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि 51 प्रतिशत शेयरों की बिक्री का सौदा पूरा होने से पहले ही 20 प्रतिशत शेयर किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिए गए। इन कथित लेन-देन को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद गहराता चला गया।
इस पूरे मामले का सबसे गंभीर और चिंताजनक पहलू शिकायतकर्ता की पत्नी को लेकर लगाया गया आरोप है। शिकायत के मुताबिक, जब पुष्प अग्रवाल ने कथित वित्तीय अनियमितताओं का विरोध किया तो उनके साथ गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।
आरोप यह भी है कि उनकी पत्नी का AI तकनीक के जरिए अश्लील वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी गई, ताकि परिवार को बदनाम किया जा सके और उन पर दबाव बनाया जा सके।
शिकायतकर्ता ने अपनी और परिवार की सुरक्षा की मांग करते हुए पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई। मामले में आईटीआई कोतवाली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 351(3) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
करोड़ों के लेन-देन से लेकर AI ब्लैकमेलिंग तक जांच के घेरे में
काशीपुर का यह मामला अब सिर्फ कारोबारी साझेदारी और निवेश के विवाद तक सीमित नहीं रह गया है। इसमें करोड़ों रुपये के कथित वित्तीय लेन-देन, पत्नी के सोने की वापसी, शेयरों के हस्तांतरण और AI के जरिए अश्लील वीडियो बनाकर धमकाने जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं।
हालांकि, फिलहाल ये सभी आरोप शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए हैं। पुलिस जांच और साक्ष्यों के आधार पर ही पूरे मामले की वास्तविकता सामने आएगी। अब देखना होगा कि करोड़ों की इस कारोबारी साझेदारी के विवाद में जांच के दौरान क्या-क्या खुलासे होते हैं ।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal



