@शब्द दूत ब्यूरो (19 नवंबर 2026)काशीपुर। चंद्रावती तिवारी कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई की ओर से महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य डॉ. दीपिका आत्रेय के निर्देशन में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और नशा मुक्त समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम अधिकारी एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. वंदना सिंह ने ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ संकल्प अभियान के शुभारंभ, उद्देश्यों, नशा मुक्ति केंद्रों तथा नशा विरोधी हेल्पलाइन नंबरों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
संगोष्ठी में स्वयंसेवी अक्षिता, स्नेहा वाल्मीकि, महिमा रानी, आरती शर्मा एवं काजल कश्यप ने नशा मुक्त युवा और विकसित भारत की परिकल्पना, नशे के दुष्प्रभाव, उपचार तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम के समापन पर महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य डॉ. दीपिका आत्रेय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा केवल एक बुरी आदत नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति के स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और भविष्य को कमजोर करता है। मादक पदार्थों का सेवन व्यक्ति के साथ-साथ उसके परिवार और पूरे समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि जब युवा अपनी ऊर्जा और क्षमता को सही दिशा में लगाते हैं, तभी समाज और देश प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ता है। विकसित भारत के निर्माण के लिए युवाओं का नशा मुक्त होना बेहद जरूरी है।
इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी डॉ. गीता मेहरा, एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. रमा अरोरा, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. दीपा चनियाल, डॉ. अंजलि गोस्वामी, डॉ. रंजना, श्रीमती शीतल अरोरा, डॉ. ज्योति गोयल, डॉ. पुष्पा धामा एवं श्रीमती कृति टंडन सहित महाविद्यालय के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal



