Breaking News

अब काशीपुर को देश में नंबर वन बनाने का लक्ष्य, जनता के सहयोग से ही मिलेगी सफलता,विपक्ष को दे डाली नसीहत: राष्ट्रपति से सम्मानित होकर लौटे महापौर दीपक बाली बोले पत्रकार वार्ता में, देखिए वीडियो

@शब्द दूत ब्यूरो (13 नवंबर 2026)

काशीपुर। स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में काशीपुर नगर निगम को उत्तराखंड में प्रथम स्थान प्राप्त होने और राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किए जाने के बाद महापौर दीपक बाली शुक्रवार को काशीपुर पहुंचे। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के हाथों राष्ट्रीय पुरस्कार ग्रहण करने के बाद आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन, नगर निगम के पार्षदों, अधिकारियों, कर्मचारियों, पर्यावरण मित्रों और काशीपुर की जनता के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि काशीपुर को देश में नंबर वन बनाने का लक्ष्य है और इसके लिए नगर निगम के साथ जनता की भागीदारी भी जरूरी है।

महापौर दीपक बाली ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्रेरणा, निर्देशन और स्वच्छता के प्रति उनकी चिंता ने नगर निगम को बेहतर काम करने का हौसला दिया। उन्होंने नगर निगम के सभी पार्षदों, अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ विशेष रूप से स्वच्छता एवं पर्यावरण मित्रों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि धरातल पर अथक मेहनत करने वाले पर्यावरण मित्र इस उपलब्धि के सबसे बड़े हकदार हैं।
महापौर ने काशीपुर की जनता का धन्यवाद करते हुए कहा कि स्वच्छता ऐसा अभियान है, जिसे केवल नगर निगम या सरकार के प्रयासों से सफल नहीं बनाया जा सकता। इसके लिए प्रत्येक नागरिक का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने बताया कि पिछले स्वच्छता सर्वेक्षण में काशीपुर उत्तराखंड के 107 शहरी निकायों में 21वें स्थान पर था, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर अपनी श्रेणी के 820 शहरों में 372 वें स्थान पर था। इस बार नगर निगम ने बेहतर प्रदर्शन का लक्ष्य निर्धारित किया और राष्ट्रीय स्तर पर 102वीं रैंक हासिल करने के साथ उत्तराखंड में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

दीपक बाली ने स्पष्ट किया कि स्वच्छता सर्वेक्षण केवल सड़कों के किनारे दिखाई देने वाले कूड़े के ढेरों के आधार पर नहीं होता। इसके तहत कुल 12,500 अंकों के लिए 10 प्रमुख श्रेणियों और 177 उपश्रेणियों में शहर के कामकाज का मूल्यांकन किया जाता है। इसमें कचरे का पृथक्करण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, गंदे पानी का प्रबंधन, सार्वजनिक स्थानों की सफाई, हरियाली, सफाई कर्मचारियों का कल्याण और नागरिकों की प्रतिक्रिया जैसे महत्वपूर्ण बिंदु शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि नगर निगम की डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था की पहुंच 90 प्रतिशत से अधिक हो चुकी है। सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के माध्यम से शोधित पानी का दोबारा उपयोग पौधों की सिंचाई और सड़कों की धुलाई जैसे कार्यों में किया जा रहा है। इसके अलावा स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम, स्वच्छता चौपाल और जनसंपर्क अभियानों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता मुहिम से जोड़ने का प्रयास किया गया है।
महापौर ने सोशल मीडिया पर शहर में कूड़े के ढेरों की तस्वीरें और वीडियो प्रसारित किए जाने पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि नगर निगम की गाड़ियां सड़कों के किनारे पड़े कचरे को एक दिन में एक या दो बार नहीं, बल्कि जरूरत पड़ने पर कई बार उठा सकती हैं, लेकिन सड़क पर कचरा डाला ही न जाए, यह जनता के सहयोग से ही संभव है। उन्होंने विपक्षी दलों के नेताओं से भी अपील की कि वे केवल सोशल मीडिया पर कूड़े के ढेर दिखाने तक सीमित न रहें, बल्कि लोगों को जागरूक करने के लिए भी आगे आएं। उनके अनुसार सकारात्मक राजनीति के तहत शहर को स्वच्छ बनाने में सभी को योगदान देना चाहिए।

दीपक बाली ने कहा कि नगर निगम की कार्यप्रणाली में कहीं कमी दिखाई दे तो जनता इसकी जानकारी दे। यदि कूड़ा उठाने वाली गाड़ियां समय पर नहीं पहुंचतीं या किसी स्थान पर लंबे समय से कचरा पड़ा है तो नगर निगम को अवगत कराया जाए। उन्होंने कहा कि नगर निगम अपनी जिम्मेदारी निभाएगा, लेकिन नागरिकों को भी सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न डालने की जिम्मेदारी समझनी होगी।

उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत राजनीति के तहत उनके खिलाफ कोई भी टिप्पणी की जाए, वे अपनी स्वच्छता मुहिम जारी रखेंगे। लेकिन सभी राजनीतिक दलों और जनप्रतिनिधियों को व्यक्तिगत राजनीति से ऊपर उठकर काशीपुर को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए सहयोग करना चाहिए। उन्होंने बताया कि पुरस्कार मिलने के बाद उन्हें शहर के लोगों के लगातार फोन और संदेश मिल रहे हैं। जनता के इन संदेशों से स्पष्ट है कि काशीपुर के लोग अपने शहर को देश में प्रथम स्थान पर देखना चाहते हैं।

महापौर ने विश्वास जताया कि नगर निगम दिन-रात मेहनत कर इस लक्ष्य को हासिल करने का प्रयास करेगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में प्रथम स्थान प्राप्त करना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, लेकिन नगर निगम का सफर यहीं समाप्त नहीं होता। अब लक्ष्य राष्ट्रीय स्तर पर काशीपुर को शीर्ष स्थान पर पहुंचाना है, जिसके लिए जनसहयोग सबसे बड़ी ताकत बनेगा।

महापौर दीपक बाली का काशीपुर पहुंचने पर पार्षद गुरविंदर सिंह चंडोक,विजय बॉबी, गुंजन प्रजापति,मोनू चौधरी,दीपा पाठक,संजय शर्मा, शिवांश गोले, कुलदीप शर्मा,,मोनिस अनिल कुमार,रवि प्रजापति, अनीता कांबोज,मयंक मेहता ने स्वागत किया।

 

Check Also

मुख्यमंत्री ने गोवर्धन पूजा के अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में की गौ पूजा, प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना

🔊 Listen to this *मुख्यमंत्री ने गोवर्धन पूजा के अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में की …

googlesyndication.com/ I).push({ google_ad_client: "pub-