@शब्द दूत ब्यूरो (26 सितंबर 2026)
काशीपुर। नगर निगम की स्वच्छता जन जागरूकता टीम की ओर से प्रतापपुर स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस छात्रावास में स्कूल जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को स्वच्छता, कचरा पृथक्करण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए स्वच्छता को दैनिक जीवन की आदत बनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महापौर दीपक बाली की धर्मपत्नी एवं समाजसेवी श्रीमती उर्वशी दत्त बाली रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि स्वच्छता केवल किसी अभियान या कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे अपने व्यवहार और दिनचर्या का हिस्सा बनाना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने घर, विद्यालय और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने के साथ ही अन्य लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।
जागरूकता कार्यक्रम में करीब 35 विद्यार्थियों के साथ तीन अध्यापक-अध्यापिकाओं ने सहभागिता की। विद्यार्थियों को कठपुतली शो के माध्यम से स्वच्छता के महत्व और कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में बांटकर निर्धारित डस्टबिन में डालने की जानकारी दी गई। मनोरंजक और संवादात्मक तरीके से आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने स्वच्छता से जुड़े संदेशों को समझा और उनमें उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
इस दौरान स्वच्छता आधारित सेग्रीगेशन गेम और ‘पहचानो स्वच्छता एक्ट’ के माध्यम से विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के कचरे की पहचान करने तथा उसके लिए उपयुक्त डस्टबिन का चयन करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। इससे विद्यार्थियों को कचरे के सही निस्तारण और स्रोत स्तर पर उसके पृथक्करण की उपयोगी जानकारी मिली।
कार्यक्रम में विद्यालय में इको क्लब के गठन और उसकी भूमिका के बारे में भी विद्यार्थियों को बताया गया। उन्हें बताया गया कि इको क्लब के माध्यम से छात्र-छात्राएं विद्यालय और आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा कचरा प्रबंधन को लेकर जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
नगर निगम की स्वच्छता जन जागरूकता टीम के अनुसार, महापौर दीपक बाली के निर्देशन में अब तक करीब एक दर्जन स्कूलों में ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं, जिनके माध्यम से हजारों विद्यार्थियों को काशीपुर को स्वच्छ, सुंदर और बेहतर बनाने के लिए जागरूक किया गया है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति सजग रहने और अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। साथ ही विद्यार्थियों को ‘स्वच्छता वॉरियर’ स्टिकर्स वितरित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता को लेकर व्यवहारिक समझ विकसित करने के साथ उन्हें अपने परिवार, विद्यालय और समाज में स्वच्छता के संदेश के वाहक के रूप में तैयार करना रहा।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal