@शब्द दूत ब्यूरो (24 सितंबर 2026)
काशीपुर। कुमाऊं वैश्य महासभा ने वरिष्ठ जन वंदन एवं प्रतिभा अभिनंदन समारोह-2026 में 75 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ जनों को सम्मानित कर उनके योगदान को नमन किया। वहीं शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले मेधावी बच्चों और प्रतिभाओं का अभिनंदन कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल शामिल हुए, जबकि प्रसिद्ध उद्यमी योगेश जिंदल ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। कार्यक्रम का शुभारंभ कुलदेवी मां महालक्ष्मी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद अतिथियों का स्वागत किया गया। वैश्य समाज के शेष कुमार सितारा ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया, जबकि आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
समारोह का मुख्य आकर्षण 75 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान रहा। समाज के वरिष्ठ जनों को सम्मानित करते हुए उनके अनुभव, मार्गदर्शन और सामाजिक योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। इसके साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली बच्चों को सम्मानित कर उन्हें आगे भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया गया।
मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने कहा कि जो समाज अपने वरिष्ठ जनों का सम्मान करता है, वह वास्तव में अपना सम्मान करता है। बुजुर्गों के अनुभव और उनके द्वारा किए गए सामाजिक कार्य नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि समाज सेवा, देश सेवा और सामाजिक सद्भाव के लिए कार्य करने वालों का सम्मान होने से अन्य लोगों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने वैश्य समाज के सामाजिक और आर्थिक योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि देश के आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक विकास में समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन को उन्होंने समाज और देश के लिए सकारात्मक पहल बताया तथा युवा प्रतिभाओं को निरंतर प्रोत्साहित किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने वैश्य समाज की एकजुटता, आपसी सहयोग और सामाजिक समरसता को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया। वक्ताओं ने कहा कि समाज की वरिष्ठ पीढ़ी उसकी महत्वपूर्ण पूंजी है और नई पीढ़ी को उनके अनुभवों से सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। इस अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने वहाँ मौजूद जनसमूह का मन मोह लिया।
कुमाऊं वैश्य महासभा काशीपुर के अध्यक्ष एम.पी. गुप्ता, कपिल अग्रवाल और प्रियांशु बंसल ने समारोह में पहुंचे अतिथियों, वरिष्ठ जनों, प्रतिभाओं और समाज के लोगों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि वैश्य समाज को व्यापक सामाजिक एकता और सहयोग की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए पुरानी पीढ़ी के अनुभव और नई पीढ़ी की प्रतिभा, दोनों का समन्वय जरूरी है। इसी क्रम में आगामी 13 अक्टूबर को वैश्य समाज की शोभायात्रा में अधिक से अधिक लोगों से शामिल होने का आह्वान भी किया गया।
समारोह में पूर्व विधायक डॉ. शैलेन्द्र मोहन सिंघल, उद्यमी देवेंद्र अग्रवाल, पवन अग्रवाल, बांके गोयनका, सत्यवान गर्ग, आशीष गुप्ता, योगेश जिदल , सुधा जिंदल, शेष कुमार सितारा, कौशलेश गुप्ता, ब्रजेश गुप्ता,ईश्वर चंद्र गुप्ता, एस पी गुप्ता, संजय गुप्ता , अनूप कुमार गुप्ता, चकरेश जैन हित समाज के अनेक लोग मौजूद रहे। क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में वैश्य समाज के लोग कार्यक्रम में पहुंचे।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal