Breaking News

काशीपुर :महादेव नहर के सौंदर्यीकरण की तैयारी, 9 से 10 करोड़ रुपये का प्रस्ताव,पूर्वांचल समाज में खुशी की लहर, महापौर दीपक बाली ने किया निरीक्षण, देखिए वीडियो

@शब्द दूत ब्यूरो (15 सितंबर 2026)

काशीपुर। काशीपुर-बाजपुर रोड स्थित महादेव नहर के कायाकल्प और सौंदर्यीकरण को लेकर नगर निगम ने कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में काशीपुर नगर निगम के महापौर दीपक बाली ने नगर निगम अधिकारियों, सिंचाई विभाग के अधिकारियों और क्षेत्रीय पार्षदों के साथ महादेव नहर का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान नहर के मौजूदा हालात, गंदे पानी की निकासी, साफ-सफाई और प्रस्तावित विकास कार्यों को लेकर अधिकारियों के साथ चर्चा की गई। महापौर ने अधिकारियों से प्रस्तावित कार्यों की रूपरेखा और डिजाइन से संबंधित दस्तावेजों पर भी जानकारी ली।

महापौर दीपक बाली के अनुसार, महादेव नहर का करीब डेढ़ किलोमीटर लंबा क्षेत्र कुण्डेश्वरी रोड से प्रकाश सिटी के सामने खड़कपुर क्षेत्र तक विकसित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इस परियोजना पर लगभग 9 से 10 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। प्रस्ताव को अंतिम रूप देकर स्वीकृति के लिए उच्च स्तर पर भेजे जाने की तैयारी है।
महापौर ने कहा कि महादेव नहर पूर्वांचल समाज के लिए विशेष धार्मिक महत्व रखती है। यहां छठ पूजा का आयोजन किया जाता है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। प्रस्तावित विकास कार्य को केवल छठ पूजा तक सीमित न रखते हुए पूरे वर्ष आम जनता के उपयोग के लिए विकसित करने की योजना है।

प्रस्ताव के तहत नहर क्षेत्र को सुंदर और सुव्यवस्थित बनाने के साथ-साथ लोगों के घूमने और टहलने के लिए बेहतर वातावरण तैयार करने पर जोर दिया जाएगा। पर्यावरण संरक्षण को भी परियोजना का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया गया है।

महापौर दीपक बाली ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा काशीपुर को काशी की तर्ज पर विकसित करने की बात कही गई है और इसी सोच के अनुरूप महादेव नहर के विकास की योजना तैयार की जा रही है।

वहीं, नहर में आने वाले गंदे पानी और नालियों की समस्या को लेकर भी अधिकारियों से चर्चा की गई। महापौर ने कहा कि परियोजना शुरू होने के बाद नहर में गंदा पानी डालने और अन्य प्रकार के अतिक्रमण को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह विकास केवल दो दिन के धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे वर्ष नहर को स्वच्छ और व्यवस्थित रखने का प्रयास किया जाएगा।
महापौर ने लोगों से भी नहर को साफ रखने में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि सिंचाई विभाग की ओर से नहर में पानी छोड़ा जाता है, लेकिन उसे प्रदूषित करने में आम तौर पर मानवीय गतिविधियों की भूमिका रहती है। ऐसे में स्वच्छता बनाए रखना प्रशासन के साथ-साथ समाज की भी जिम्मेदारी है।

महापौर दीपक बाली ने जानकारी दी कि एस आर एफ से द्रोणासागर तक निर्मित बाइपास के निर्माण से बचा हुआ एक करोड़ पिचानवे लाख रुपये से इस मार्ग का सौंदर्यीकरण किया जायेगा जिसके जिलाधिकारी एवं विकास प्राधिकरण व सीडीओ से चर्चा के बाद सहमति बन गयी है।

पूर्वांचल समाज की ओर से भाजपा नेता अमित सिंह ने महादेव नहर के सौंदर्यीकरण की पहल का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व पूर्वांचल समाज की धार्मिक और सांस्कृतिक आस्था से जुड़ा प्रमुख पर्व है। ऐसे में महादेव नहर को व्यवस्थित और विकसित करने की योजना समाज के लिए महत्वपूर्ण पहल है।

उन्होंने महापौर दीपक बाली और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रति आभार जताते हुए कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के संरक्षण और विकास से क्षेत्र में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

महादेव नहर के प्रस्तावित विकास से जहां छठ पूजा के आयोजन को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है, वहीं इसके सौंदर्यीकरण और स्वच्छता के बाद यह क्षेत्र काशीपुर के लोगों के लिए एक बेहतर सार्वजनिक स्थल के रूप में भी विकसित हो सकता है।

इस मौके पर काशीपुर नगर आयुक्त रविंद्र बिष्ट, पार्षद अनूप प्रताप, अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग अमित कुमार गुप्ता, भाजपा नेता अरविंद राव, कमलेश कुमार, चौधरी समरपाल सिंह, सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल शाह, वर्क एजेंट अभिषेक मेत नगर निगम, आर्किटेक्ट संस्कृति एवं सारांश सक्सैना समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Website Design By Mytesta +91 8809666000

Check Also

मातृशक्ति को आत्मनिर्भर बनाना भाजपा सरकार की प्राथमिकता:कालाढूंगी में बोले भाजपा नेता विकास भगत

🔊 Listen to this @शब्द दूत ब्यूरो (12 सितंबर 2026) कालाढूंगी। भाजपा उत्तराखंड के प्रदेश …

googlesyndication.com/ I).push({ google_ad_client: "pub-