Breaking News

कांवड़ यात्रा 2026: ऊधम सिंह नगर में 30 जुलाई से 11 अगस्त तक विशेष रूट डायवर्जन लागू, भारी वाहनों पर कई मार्गों में रहेगी रोक

@शब्द दूत ब्यूरो (28 जुलाई 2026)

रुद्रपुर। कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात व्यवस्था और आमजन की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देशन में जनपद में 30 जुलाई से 11 अगस्त 2026 तक विशेष रूट डायवर्जन एवं यातायात व्यवस्था लागू की गई है। पुलिस प्रशासन ने सभी नागरिकों और वाहन चालकों से जारी यातायात योजना का पालन करने तथा वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।

यातायात योजना के अनुसार दिल्ली, मुरादाबाद, रामपुर और बिलासपुर की ओर से आने वाले भारी वाहनों को काशीपुर, हरिद्वार, नैनीताल, सितारगंज, किच्छा और सिडकुल जाने के लिए रामपुर बॉर्डर से रिंग रोड के माध्यम से भेजा जाएगा। वहीं काशीपुर और हरिद्वार से आने वाले भारी वाहन एमेनिटी स्कूल फ्लाईओवर होते हुए रिंग रोड से नैनीताल, किच्छा, बिलासपुर और रामपुर की ओर जाएंगे। खटीमा और सितारगंज से आने वाले भारी वाहनों को राधा स्वामी सत्संग (किच्छा रोड) से तथा हल्द्वानी और नैनीताल की ओर से आने वाले भारी वाहनों को पार्ले चौक (सिडकुल) से रिंग रोड के जरिए डायवर्ट किया जाएगा।

पुलिस के अनुसार 8 अगस्त से 11 अगस्त तक डाक कांवड़ के दौरान विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। इस अवधि में रामपुर बॉर्डर, एमेनिटी स्कूल, राधा स्वामी सत्संग और पार्ले चौक से सभी प्रकार के वाहनों को रिंग रोड के माध्यम से डायवर्ट किया जाएगा। हालांकि दूध, गैस, फल-सब्जी और पेट्रोलियम पदार्थों से जुड़े आवश्यक सेवा वाहनों को सामान्य रूप से संचालन की अनुमति रहेगी।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि कांवड़ यात्रियों की संख्या बढ़ती है तो यातायात व्यवस्था में आवश्यकता अनुसार बदलाव किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर राष्ट्रीय राजमार्ग की एक लेन कांवड़ यात्रियों के लिए आरक्षित रखते हुए दूसरी लेन से वाहनों का संचालन कराया जाएगा।

8 अगस्त से 11 अगस्त तक जनपद के कई प्रमुख स्थानों पर भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इनमें सितारगंज का एसएच हॉस्पिटल क्षेत्र, पुलभट्टा, किच्छा के दरऊ चौक और लालपुर, रुद्रपुर के डिबडिबा, कीरतपुर मोड़ और रामपुर बॉर्डर, पंतनगर का छतरपुर मोड़, गदरपुर के महतोष मोड़ और मोतियापुर मोड़, बाजपुर के स्वार बॉर्डर दोराहा और बरहैनी, आईटीआई क्षेत्र का लोहियापुल पैंगा, काशीपुर की प्रतापपुर चौकी, कुंडा का सूर्या बॉर्डर तथा जसपुर के धर्मपुर और नादेही बॉर्डर शामिल हैं।

काशीपुर सेक्टर में भी विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। धामपुर-बिजनौर से आने वाले भारी वाहनों का प्रवेश नादेही और धर्मपुर बॉर्डर से आगे प्रतिबंधित रहेगा। ठाकुरद्वारा से आने वाले भारी वाहन सूर्या चौकी, मुरादाबाद-टांडा से आने वाले वाहन पैंगा चौकी, दड़ियाल से आने वाले वाहन लोहियापुल, रामनगर से आने वाले वाहन प्रतापपुर चौकी, हल्द्वानी-बाजपुर मार्ग से आने वाले वाहन बरहैनी चौकी, मोतियापुरा से गदरपुर की ओर जाने वाले वाहन मोतीपुरा मसीत तथा नवाबगंज से गदरपुर की ओर आने वाले भारी वाहन महतोष मोड़ से आगे नहीं जा सकेंगे।

ऊधम सिंह नगर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि कांवड़ यात्रा के दौरान जारी रूट डायवर्जन का पालन करें, अनावश्यक यात्रा से बचें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करते हुए पुलिस प्रशासन का सहयोग करें, ताकि कांवड़ यात्रा सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

Website Design By Mytesta +91 8809666000

Check Also

परमाणु तबाही के बाद भी कैसे बच जाते हैं कॉकरोच? वैज्ञानिकों की रिसर्च ने खोले चौंकाने वाले राज

🔊 Listen to this @शब्द दूत ब्यूरो (27 जुलाई 2026) नई दिल्ली। परमाणु विस्फोट जैसी …

googlesyndication.com/ I).push({ google_ad_client: "pub-