@शब्द दूत ब्यूरो (12 जुलाई 2026)
काशीपुर। जनपद ऊधम सिंह नगर में पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और जन-केंद्रित बनाने की दिशा में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। कार्यों में लापरवाही और दायित्वों के निर्वहन में उदासीनता पाए जाने पर आईटीआई कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विक्रम राठौड़ तथा पैगा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक जसविंदर सिंह को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है।
एसएसपी अजय गणपति द्वारा जनपद के अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यों की लगातार समीक्षा की जा रही है। समीक्षा के दौरान पाया गया कि आईटीआई कोतवाली प्रभारी विक्रम राठौड़ विवेचनाओं के पर्यवेक्षण में अपेक्षित गंभीरता नहीं बरत रहे थे। इसके अलावा पीड़ितों की शिकायतों की सुनवाई और निस्तारण में अनावश्यक विलंब किया जा रहा था। उच्चाधिकारियों के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद विवेचनाओं की निगरानी में लापरवाही और शिथिलता सामने आने पर उनके विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल लाइन हाजिर कर दिया गया।
इसी प्रकार पैगा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक जसविंदर सिंह के संबंध में भी शिकायतों की सुनवाई एवं निस्तारण में देरी तथा अपने दायित्वों के प्रति उदासीनता की शिकायतें सही पाई गईं। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने उन्हें भी तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर करने के आदेश जारी किए।
एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनपद में पुलिस कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, पीड़ितों की शिकायतों के प्रति असंवेदनशीलता तथा वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस व्यवस्था को अधिक उत्तरदायी, पारदर्शी और जनहितैषी बनाने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal