@शब्द दूत ब्यूरो (17 जून 2026)
कर्णप्रयाग। स्थानीय लोगों और निहंग सिख यात्रियों के बीच हुई हिंसक झड़प के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि मामूली विवाद के बाद निहंग यात्रियों ने स्थानीय लोगों पर तलवारों एवं अन्य धारदार हथियारों से हमला कर दिया, जिससे कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया और विरोध स्वरूप स्थानीय लोगों ने बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया।
जानकारी के अनुसार हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग से लौट रहे कुछ निहंग यात्रियों और स्थानीय व्यापारियों के बीच पार्किंग तथा रास्ते को लेकर कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया गया। हमले में कई स्थानीय लोग घायल हुए, जिनमें से कुछ को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों में भारी आक्रोश फैल गया। लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। हालात को देखते हुए प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
इधर घटना के बाद गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट, गोविंदघाट के प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने पवित्र श्री हेमकुंड साहिब यात्रा पर आने वाले सभी श्रद्धालुओं से आपसी सद्भाव, अनुशासन और शांति बनाए रखने की अपील की है।
ट्रस्ट की ओर से जारी अपील में कहा गया है कि 23 मई से प्रारंभ हुई श्री हेमकुंड साहिब यात्रा में अब तक हजारों श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन लगातार जारी है। सभी श्रद्धालु यात्रा के महत्व और उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए श्रद्धा एवं मर्यादा के साथ यात्रा करें तथा ऐसा कोई भी कार्य न करें जिससे धार्मिक मर्यादाओं को ठेस पहुंचे। यात्रा के दौरान वाद-विवाद से बचें और कानून व्यवस्था तथा सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करें।
अपील में कहा गया है कि सिख धर्म में शस्त्रों का महत्व धर्म की रक्षा के लिए है, न कि उनके दुरुपयोग के लिए। इसलिए श्रद्धालु यात्रा के दौरान अनावश्यक रूप से शस्त्र साथ न लाएं। विशेष रूप से यात्रा पर आने वाले छोटे बच्चों को किसी भी प्रकार के शस्त्र साथ रखने से बचाया जाए।
ट्रस्ट ने अपने संदेश में कहा कि उत्तराखंड एक शांतिप्रिय राज्य है, जिसकी पहचान देश-दुनिया में देवभूमि के रूप में है। यहां श्री बद्रीनाथ धाम, श्री केदारनाथ धाम, मां गंगोत्री, मां यमुनोत्री सहित अनेक पवित्र तीर्थस्थल स्थित हैं। इन्हीं पावन स्थलों में श्री हेमकुंड साहिब का भी विशेष धार्मिक महत्व है।
सरदार सेवा सिंह ने कहा कि सभी तीर्थयात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए सरकार द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। श्रद्धालु यात्रा को पूरी आस्था, श्रद्धा और अनुशासन के साथ संपन्न करें। किसी भी प्रकार के विवाद या समस्या की स्थिति में कानून को अपने हाथ में लेने के बजाय संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज कराएं।
प्रशासन ने भी लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, जबकि पुलिस पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal