@शब्द दूत ब्यूरो (29 मई 2026)
ऋषिकेश। ऋषिकेश के पास भद्रकाली तिराहे से आगे ब्रह्मानंद मोड़ के समीप मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। एक अनियंत्रित ट्रक सड़क से नीचे खेत में जा गिरा, जिससे चालक समेत एक महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे कंक्रीट डिवाइडरों को तोड़ता हुआ लगभग 20 मीटर नीचे खेत में जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि ट्रक के साथ टूटे हुए दो भारी कंक्रीट डिवाइडर सड़क के बांयी ओर स्थित एक झोपड़ी पर जा गिरे। झोपड़ी में रह रही महिला डिवाइडरों की चपेट में आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं ट्रक चालक भी वाहन के नीचे दब गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही जान चली गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों शवों को बाहर निकाला गया।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर ट्रक के अनियंत्रित होने को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है। हादसे के बाद क्षेत्र में लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal