Breaking News

हल्द्वानी में पत्रकार प्रेम सिंह धामी पर हमला, आंख गंभीर रूप से घायल, कड़ी धाराएं जोड़ने की मांग तेज

@शब्द दूत ब्यूरो (18 मई 2026)

हल्द्वानी। रामपुर रोड स्थित सोमवर बाजार क्षेत्र में 20 अप्रैल की रात हुए हमले ने दैनिक जागरण हल्द्वानी में कार्यरत वरिष्ठ उप संपादक प्रेम सिंह (धामी) की जिंदगी को पूरी तरह बदल दिया। रात करीब 10 से 10:30 बजे के बीच महेंद्र शोरूम के पास हुए इस हमले में उनकी आंख गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसके चलते अब तक दो बड़ी सर्जरी करानी पड़ चुकी हैं। चिकित्सकों ने अभी तक दृष्टि पूरी तरह सामान्य होने को लेकर कोई स्पष्ट आश्वासन नहीं दिया है।

जानकारी के अनुसार, घटना से पहले आरोपी युवक ने कथित रूप से प्रेम सिंह को जबरन रोक लिया। आरोप है कि उसने उनका हाथ पकड़कर स्कूटी की चाबी निकाल ली और रास्ता रोकते हुए अपने साथियों को बुलाने लगा। इस दौरान जान से मारने की धमकी भी दी गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जब प्रेम सिंह ने इस अभद्रता का विरोध किया तो आरोपी ने उनके चेहरे, विशेषकर बाईं आंख और नाक पर लगातार कई घूंसे बरसा दिए। घटना के समय पीड़ित हेलमेट पहने हुए थे, फिर भी हमला बेहद गंभीर रहा।

आरोप है कि हमलावर ने मारपीट के बाद भी नहीं रुका और अर्धमूर्छित अवस्था में उन्हें सड़क पर घसीटता रहा। इस दौरान तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से वे बाल-बाल बच गए। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि कुछ क्षण की चूक बड़ा हादसा बन सकती थी।

स्कूटी पर पीछे बैठे एक बुजुर्ग ने हमलावर से हाथ जोड़कर मारपीट रोकने की गुहार लगाई, लेकिन आरोपी नहीं माना और घटना के बाद फरार हो गया।

घटना के अगले दिन 21 अप्रैल को सरकारी अस्पताल में मेडिकल परीक्षण (एमएलसी) कराया गया और पुलिस में शिकायत दी गई। बाद में 1 मई को प्राथमिकी दर्ज की गई।

अब पीड़ित पक्ष, पत्रकार संगठनों और स्थानीय लोगों की ओर से मामले में गंभीर चोट को देखते हुए सख्त धाराएं जोड़ने और जांच में तेजी लाने की मांग उठ रही है।

हमले के बाद आंख की स्थिति लगातार गंभीर बनी रही। 26 अप्रैल को निजी अस्पताल में आपातकालीन सर्जरी करानी पड़ी। इसके बाद 5 मई को सुशीला तिवारी अस्पताल ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।

14 मई को दूसरी जटिल ट्रॉमा सर्जरी भी करानी पड़ी। इसके बाद पीड़ित ने देश के कई प्रमुख नेत्र संस्थानों और विट्रो-रेटिना विशेषज्ञों से परामर्श लिया। विशेषज्ञों ने दृष्टि बचाने के लिए जटिल सर्जरी की आवश्यकता बताई, लेकिन पूरी तरह ठीक होने को लेकर स्थिति अभी भी अनिश्चित बनी हुई है।

पत्रकार संगठनों ने इस घटना को गंभीर बताते हुए मुख्यमंत्री, राज्यपाल और प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है। चेतावनी दी गई है कि यदि निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।

सहकर्मियों के अनुसार, प्रेम सिंह (धामी) हमेशा शांत स्वभाव से समाज के मुद्दों को खबरों के माध्यम से सामने लाते रहे हैं, लेकिन इस बार वे खुद ही दर्द, अस्पताल और न्याय की लड़ाई का सामना कर रहे हैं।

Check Also

देशभर में पेट्रोल-डीजल महंगे: ₹3 तक बढ़े दाम, आम जनता पर बढ़ेगा महंगाई का बोझ

🔊 Listen to this @शब्द दूत ब्यूरो (15 मई 2026) नयी दिल्ली। देशभर में एक …

googlesyndication.com/ I).push({ google_ad_client: "pub-