Breaking News

नानकमत्ता में महाराणा प्रताप जयंती: सीएम पुष्कर सिंह धामी की धर्मांतरण पर सख्त चेतावनी, बोले—“जेल जाएंगे दोषी”

@शब्द दूत ब्यूरो (16 मई 2026)

नानकमत्ता।  वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने धर्मांतरण के मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि राज्य में धर्मांतरण के खिलाफ सख्त कानून लागू है और इसमें शामिल लोगों की जगह सलाखों के पीछे होगी।

मुख्यमंत्री ने तराई क्षेत्र में धर्मांतरण की मिल रही खबरों का संज्ञान लेते हुए प्रशासन को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की जबरन या प्रलोभन देकर कराई जा रही गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप के जीवन को राष्ट्रभक्ति, त्याग और स्वाभिमान का प्रतीक बताते हुए कहा कि उनका जीवन आज भी हर भारतीय को प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी अपने सिद्धांतों से समझौता न करना ही महाराणा प्रताप का सबसे बड़ा संदेश है।

मुख्यमंत्री ने श्री नानकमत्ता साहिब की पावन धरती का उल्लेख करते हुए कहा कि यह स्थान गुरुओं के आशीर्वाद से पवित्र है और यहां ऐसे महान राष्ट्रनायक का स्मरण करना गौरव का विषय है। कार्यक्रम से पूर्व उन्होंने गुरुद्वारे में मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।

जनजातीय समाज के संदर्भ में मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी संस्कृति, परंपराएं, लोकगीत और प्रकृति से जुड़ी जीवनशैली उत्तराखंड की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने बताया कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के उत्थान के लिए एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, वन धन योजना और जनजातीय विकास मिशन जैसी कई योजनाएं चलाई जा रही हैं।

राज्य सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि अटल आवास योजना के तहत आय सीमा को व्यावहारिक बनाया गया है और सहायता राशि बढ़ाई गई है। उधम सिंह नगर में इस योजना के तहत करीब 3 करोड़ रुपये की सहायता दी जा चुकी है। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना और प्रधानमंत्री जनमन योजना से भी बड़ी संख्या में जनजातीय परिवार लाभान्वित हुए हैं।

शिक्षा क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि जनजाति कल्याण विभाग के माध्यम से आश्रम पद्धति विद्यालय, छात्रावास और आईटीआई संस्थानों के विकास के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। खटीमा में बालिका छात्रावास के लिए 4 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जबकि बाजपुर में 16 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विद्यालय और छात्रावास का निर्माण हो रहा है। गदरपुर में 100 बेड का छात्रावास भी बनाया जा रहा है।

कार्यक्रम में विधायक शिव अरोरा, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, मेयर विकास शर्मा, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा और दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Check Also

पहली सैलरी का जोश या भविष्य की समझदारी? युवाओं के लिए जरूरी संतुलन का सबक, उर्वशी दत्त बाली का संदेश

🔊 Listen to this @शब्द दूत ब्यूरो (13 मई 2026) काशीपुर। डी-बाली ग्रुप की डायरेक्टर …

googlesyndication.com/ I).push({ google_ad_client: "pub-