@शब्द दूत ब्यूरो (09 मई 2026)
काशीपुर । एक ओर नगर निगम के महापौर दीपक बाली के नेतृत्व में शहर को स्वच्छ और साफ-सुथरा बनाने के लिए लगातार भगीरथ प्रयास किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कुछ लोग अब भी जागरूक नहीं हो पा रहे हैं। नगर निगम के पीछे स्थित सब्जी मंडी रोड और टीचर्स कॉलोनी मोड़ पर लोगों द्वारा कूड़ा सड़क पर फेंकने की समस्या लगातार सामने आ रही है।
नगर निगम की कूड़ा उठाने वाली गाड़ी प्रतिदिन निर्धारित समय पर पहुंच रही है, इसके बावजूद कई लोग कूड़ा गाड़ी में डालने के बजाय सड़क किनारे निर्धारित पॉइंट पर ही फेंक रहे हैं। इस स्थिति को देखते हुए संबंधित टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया गया और जागरूक किया गया कि वे कूड़ा सड़क पर न डालें, बल्कि सीधे कूड़ा गाड़ी में ही दें।
महापौर दीपक बाली के नेतृत्व में चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान के तहत इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों का कूड़ा वापस उनके घर भेजा गया और उन्हें सख्त हिदायत दी गई कि भविष्य में ऐसा न करें। नगर निगम की टीम ने स्पष्ट किया कि गाड़ी रोजाना आ रही है, इसलिए सड़क पर कूड़ा फेंकने का कोई औचित्य नहीं है।
नगर निगम ने आम जनता से अपील की है कि शहर को स्वच्छ रखने में सहयोग करें और कूड़ा केवल निर्धारित गाड़ी में ही डालें, ताकि काशीपुर को साफ-सुथरा और सुंदर बनाया जा सके।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal
