मंगलवार सुबह जब काफी देर तक मजदूर बाहर नहीं निकले तो आसपास के लोगों को शक हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाया। अंदर पांचों मजदूर मृत अवस्था में पाए गए।
@शब्द दूत ब्यूरो (23 दिसंबर 2025)
कुरुक्षेत्र (हरियाणा)। हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के रहने वाले पांच मजदूरों की दम घुटने से मौत हो गई। यह हादसा ठंड से बचने के लिए बंद कमरे में कोयले की अंगीठी जलाने के कारण हुआ बताया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी मजदूर कुरुक्षेत्र में जिला जेल के पास स्थित एक होटल में पेंटिंग का काम करने आए थे। सोमवार रात काम खत्म करने के बाद वे अपने कमरे में लौटे और ठंड से बचाव के लिए कोयले की अंगीठी जलाकर सो गए। कमरा पूरी तरह बंद होने के कारण अंदर कार्बन मोनोऑक्साइड गैस भर गई।
मंगलवार सुबह जब काफी देर तक मजदूर बाहर नहीं निकले तो आसपास के लोगों को शक हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाया। अंदर पांचों मजदूर मृत अवस्था में पाए गए।
पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल कुरुक्षेत्र भिजवाया, जहां पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया जारी है। घटना की जानकारी मिलने पर श्रमिकों के ठेकेदार को भी मौके पर बुलाया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में दम घुटने से मौत की आशंका है, हालांकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal