@शब्द दूत ब्यूरो (26 अगस्त 2025)
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि ड्रग्स फ्री उत्तराखंड अभियान को व्यापक स्तर पर चलाया जाए। उन्होंने कहा कि एनडीपीएस एक्ट के तहत दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित हो और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को और अधिक सशक्त बनाया जाए। इसके लिए आवश्यकता अनुसार नए पदों का सृजन भी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन ‘मानस’ – 1933 का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा, ताकि आमजन नशे से जुड़ी शिकायतें दर्ज करा सकें। उन्होंने निर्देश दिए कि पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा, समाज कल्याण और अन्य संबंधित विभाग मिलकर कार्यशालाओं का आयोजन करें तथा विस्तृत एक्शन प्लान बनाकर उस पर प्रभावी अमल करें।
सीएम धामी ने राज्य की सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाहरी राज्यों से ड्रग्स की आपूर्ति रोकने के लिए सख्त निगरानी हो और तस्करी में संलिप्त पाए जाने पर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम चलाकर युवाओं को नशे से दूर रखने पर विशेष ध्यान देने को कहा। मुख्यमंत्री ने पुलिस को रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और ड्रिंक एंड ड्राइव पर सख्त कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने के आह्वान का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाए। इसके लिए शहरी विकास विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है।
बैठक में प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगोली, अपर पुलिस महानिदेशक वी. मुरुगेशन, ए.पी. अंशुमान, गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते और अपर सचिव बंशीधर तिवारी मौजूद रहे।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal

