@शब्द दूत ब्यूरो (26 दिसंबर 2024)
काशीपुर । प्रदेश में निकाय चुनाव का बिगुल बज चुका है। आज से ठीक एक महीने बाद मेयर कौन बनेगा? इस सवाल का जबाब लोगों को मिल चुका होगा।
काशीपुर में निकाय चुनाव को लेकर संभावित मेयर प्रत्याशियों की चर्चा जोर पकड़ने लगी है। काशीपुर नगर निगम के मेयर पद पर विभिन्न राजनीतिक दलों से संभावित नेताओं के नामों की चर्चा जोर शोर से चल पड़ी है।
काशीपुर नगर निगम प्रदेश के नगर निकायों में अपना अलग और महत्वपूर्ण स्थान रखता है। यहाँ आज हम काशीपुर नगर निगम के मेयर पद के लिए एक प्रमुख दावेदार की चर्चा करते हैं। हालांकि इस नेता की दावेदारी की खास बात यह है कि जनता की ओर से भले ही इन्हें प्रबल दावेदार मान लिया गया लेकिन उनका साफ कहना है कि अगर पार्टी ने उन्हें मौका दिया तो वह मेयर का चुनाव लड़ेंगे और यदि किसी और को दिया तो उसे भी बगैर किसी वैर भाव के पार्टी के झंडे के नीचे रहकर पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ तन मन धन से चुनाव लड़ाएंगे। मेरे लिए पार्टी सर्वोपरि है चुनाव नहीं।
हाल के दो तीन वर्षों से राजनीति में आये दीपक बाली अपनी कार्यशैली और समाज सेवा के चलते इस समय काशीपुर में भारतीय जनता पार्टी नेता के रूप में एक प्रमुख चेहरा बन कर सामने आये हैं। गली मोहल्लों और चौराहों एवं राजनीतिक गलियारों में हो रही चुनावी चर्चाओं को देखते हुए दीपक बाली की ये विशेषता है कि उन्हें जनता पसंद करती है जबकि अन्य नेता खुद को जनता की पसंद बताते हैं। मतलब दीपक बाली जनता के चहेते नेता माने जा रहे हैं। और एक खास बात यह है कि दीपक बाली काशीपुर की राजनीति के उस दौर की याद दिलाते हैं जब कोई स्थानीय नेता प्रदेश की राजनीति और अपने पार्टी के संगठन तथा सरकार में पहुंच का लाभ स्थानीय जनता तक पहुंचाता रहा है। याद कीजिए वह दौर जब काशीपुर के प्रभावशाली नेता स्व सत्येन्द्र चन्द्र गुड़िया सीधे सरकार तक अपनी गहरी पैंठ रखते थे।
दीपक बाली ने अपने अब तक के राजनीतिक कार्यकाल में जिस तरह से स्थानीय जनता की समस्याओं को वरीयता देते हुए प्रदेश सरकार को अवगत कराया और अवगत ही नहीं वरन उसे हल भी कराया है। यहाँ यह गौरतलब है कि स्थानीय जनता और व्यापारियों की समस्या को देखते हुए दीपक बाली खुद नाले में कूद गये थे। आज भले ही वह सत्तारूढ़ दल में हैं लेकिन आम जनता की समस्याओं को हल कराने के लिए जिस तरह से मुखर हैं वह उन्हें काशीपुर की जनता का चहेता बनाये हुये हैं।
बहरहाल हम बात कर रहे थे काशीपुर नगर निगम के मेयर पद पर दावेदारी की। लोगों को इस बात की पूरी उम्मीद है कि भारतीय जनता पार्टी से दीपक बाली का प्रत्याशी घोषित होना लगभग तय है। जनता का यह विश्वास दीपक बाली की सबसे बड़ी उपलब्धि है। जनता जिसको प्रत्याशी मानकर चले तो नाम घोषित होने से पहले ही उसका प्रचार हो गया ऐसा मान सकते हैं।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal