@शब्द दूत ब्यूरो (17 मार्च 2024)
रियासी। चंकाह शिक्षा जोन के अंतर्गत काकड़ा गला के सरकारी मिडिल स्कूल में एक शिक्षक का कथित तौर पर शराब के नशे में धुत होने का वीडियो प्रसारित होने के बाद रियासी के मुख्य शिक्षा अधिकारी ने उक्त शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का लिखित आदेश जारी कर (teacher suspended after viral video) मामले की जांच का आदेश दे दिया है। उक्त शिक्षक को मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय में रिपोर्ट करने के लिए कहा गया है।
शनिवार को इंटरनेट पर वीडियो वायरल
शनिवार को इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित (Video Viral) हुआ, जो काकड़ा गला के सरकारी मिडिल स्कूल का बताया जाता है। प्रसारित वीडियो में एक व्यक्ति बेसुध हालत में कुर्सी पर बैठा है, जोकि इसी स्कूल में ग्रेड तीन का शिक्षक विशेष कुमार बताया जा रहा है। उसने बनियान पहन रखी है, जबकि ऊपर की कमीज या स्वेटर उतार कर टेबल पर रखी है।
टेबल पर मोबाइल फोन की बज रही घंटी, शिक्षक बेसुध
टेबल पर मोबाइल फोन की घंटी बज रही है। इसी दौरान मोबाइल फोन पर वीडियो बना रहा व्यक्ति उक्त शिक्षक से बात करने का प्रयास कर रहा है, लेकिन इसके बावजूद बेसुध शिक्षक कोई प्रतिक्रिया नहीं कर रहा। वीडियो बनाने वाला व्यक्ति यह कहते सुनाई दे रहा है कि स्कूल में परीक्षाएं चल रही हैं और यह शिक्षक शराब के नशे में धुत होकर बेसुध है।
ऐसे में स्कूल के विद्यार्थियों का क्या होगा। वीडियो बनाने वाला व्यक्ति स्कूल के विद्यार्थियों से भी बात कर रहा है, जिसमें विद्यार्थी कह रहा है कि स्कूल में दो शिक्षक हैं, जिनमें एक शिक्षक सोया हुआ है। वीडियो बनाने वाले व्यक्ति के प्रश्न करने पर जवाब में विद्यार्थी कह रहा है कि शिक्षक रोज ही शराब पीये होता है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal