@शब्द दूत ब्यूरो (01 मार्च 2024)
काशीपुर। दो पक्षों में हुये विवाद में एक युवक की चाकू घोंपकर हत्या की वारदात से शहर में सनसनी फ़ैल गई। एक अन्य युवक इस वारदात में गंभीर रूप से घायल हो गया है। चाकूबाजी की ये वारदात बीती रात चैती चौराहे पर हुईं।
जानकारी के अनुसार गुरूवार देर रात ग्राम पच्चावाला निवासी चमन किसी काम से पैदल कुंडेश्वरी मोड़ गया था। इस दौरान उसने अपने भाई आकाश को बाइक से लेने के लिए बुलाया। आकाश अपने साथ दोस्त अजय को लेकर पहुंचा। इसी बीच चमन के साथ श्यामपुरम निवासी बाइक सवार दो युवक गालीगलौच करने लगे। विरोध करने वह मारपीट पर उतारू हो गए। मौके पर पहुंचे आकाश व अजय ने चमन को बचाने का प्रयास किया तो उन्होंने अपने कुछ अन्य साथी बुला लिए। इस दौरान हमलावर ने अचानक आकाश और अजय पर चाकू से वार कर दिया। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। लड़ाई में एक युवक की जान चली गई, जबकि एक युवक गंभीर घायल हो गया। अस्पताल में दोनों घायलों को उपचार के लिए ले जाने पर चिकित्सकों ने आकाश को मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिजनों ने सरकारी अस्पताल पहुंचकर हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को बमुश्किल शांत किया और युवक का शव पोस्टमार्टम हेतु भिजवाया। घटना में घायल अजय की गंभीर हालत देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
आइटीआइ थाना प्रभारी प्रवीन सिंह कोश्यारी व एसएसआइ प्रदीप मिश्रा पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। आकाश की मौत से बदहवास परिजन हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अस्पताल में हंगामा करने लगे। इस पर पुलिस कमियों ने उन्हें समझा बुझाकर बमुश्किल शांत किया। सीओ अनुषा बडोला ने बताया कि मामले की जांच कर रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तारी किया जाएगा।

Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal