@शब्द दूत ब्यूरो (09 मई 2023)
काशीपुर। यहां बीती रात कटोराताल चौराहे पर आयोजित देवी जागरण में एक बड़ा हादसा हो गया।इस हादसे में कई महिलाएं व पुरुष घायल हो गए।
दरअसल मौ कटोराताल में लोगों ने प्रतिवर्ष की भांति बीती रात देवी मां का जागरण सड़क पर आयोजित किया था। जागरण में भारी संख्या में स्थानीय महिला पुरुष श्रद्धालु मां का गुणगान कर रहे थे। रात लगभग दो बजे के आसपास जागरण के पंडाल को चीरकर एक सांड बेकाबू होकर श्रद्धालुओं के बीच में घुस गया।सांड के घुसते ही वहां बैठे श्रद्धालुओं में भगदड़ मच गई। इस दौरान अचानक सांड के आने से बेखबर महिला पुरुष अपना बचाव तक नहीं कर पाये और बेकाबू सांड सबको रौंदते हुए दूसरी तरफ निकल गया।
इस भगदड़ में सांड के पैरों से वहां बैठे श्रद्धालुओं में आधा दर्जन से अधिक महिलाओं व पुरुषों को चोटें आई हैं। सभी को रात में ही उपचार के लिए पास में ही एक निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया।
हालांकि बाद में जागरण पुनः सुचारू रूप से चलता रहा। सड़क पर जागरण के दौरान ऐसे हादसे की कल्पना किसी ने नहीं की थी।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal