@शब्द दूत ब्यूरो (07 मई 2023)
काशीपुर । उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी की सदस्य अलका पाल पिछले दिनों कर्नाटक में आगामी 10 मई को होने जा रहे विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी नेतृत्व से मिली पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी निभाकर लौटी है। इस दौरान उन्होंने वहां प्रचार के दौरान किये गये कामों तथा वहां की जनता के मूड को भांपते हुए दावा किया है कि इस बार वहां कांग्रेस की भारी बहुमत से सरकार बनने जा रही है। उनका कहना है कि कर्नाटक की जनता भाजपा की सांप्रदायिकता की नीति को समझ चुकी है।
शब्द दूत से हुई एक संक्षिप्त बातचीत में कांग्रेस नेत्री अलका पाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की तर्ज पर वहां भी कांग्रेस की सरकार बनेगी। हालांकि जब उनसे पूछा गया कि कांग्रेस को मिले जनादेश के बावजूद भाजपा द्वारा जोड़ तोड़ कर सरकार बनाने का इतिहास रहा है तो उन्होंने कहा कि इस बार जो जनादेश कांग्रेस को मिलने वाला है उससे भाजपा के मंसूबे पूरे नहीं होने वाले हैं।
पीसीसी सदस्य व महिला कांग्रेस की वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अलका पाल ने कहा कि कांग्रेस ने अपने मेनिफेस्टो में कर्नाटक के अंदर प्रत्येक घर में 200 यूनिट बिजली निशुल्क, 10 किलो चावल, प्रत्येक ग्रहणी को ₹2000, प्रत्येक ग्रेजुएट को ₹3000, डिप्लोमा धारियों को 1500 रुपए महंगाई से लड़ने के लिए उपलब्ध करवाएगी। वहीं उन्होंने बताया कि नंदिनी दूध दूध प्रोडक्ट पर सरकार आने पर सब्सिडी जारी रहेगी।
उन्होंने साफ़ तौर पर कहा कि भाजपा मुद्दों से हटाकर जनता को सांप्रदायिक रंग में ढाल कर चुनाव जीतने का कुप्रयास करती रहीं है लेकिन इस बार जनता इस नीति के बहकावे में नहीं आने वाली है। मंहगाई, बेरोजगारी जैसे मुद्दों से अब भाजपा की चुनाव को श्रीराम, मां गंगा और बजरंगबली के इर्द-गिर्द ले जाने की कोशिश कामयाब नही होगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा के पास विकास से जुड़े हुए मुद्दों पर बात करने की हिम्मत नहीं है, बजरंगबली हम सब क्या आराध्य हैं। बजरंगबली के नाम पर भाजपा जिस तरह से राजनीति कर रही है, वह अफसोस का विषय है। कोई भी दल या संस्था अगर समाज और राष्ट्र विरोधी कार्य करता है तो उसे समाज की मुख्यधारा में आने का कोई अधिकार नहीं है। कर्नाटक की जनता अच्छी तरह समझ चुकी है अब 40% कमीशन वाली सरकार को उखाड़ने का वक्त आ गया है, उत्तराखंड के परिवेश में उन्होंने कहा कि आगामी 2023 के निकाय चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तराखंड की जनता भाजपा को उखाड़ने का संकल्प ले चुकी है।
वहीं अलका पाल ने उत्तराखंड की कांग्रेस की स्थिति पर भी बेबाकी से बात की। उन्होंने कहा कि यहां भी आगामी निकाय चुनाव में भाजपा को कुछ हासिल नहीं होने वाला है। कांग्रेस के पास जो विकास की सोच है वह भाजपा जैसी सांप्रदायिक पार्टी के पास नहीं है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री स्व एन डी तिवारी का जिक्र करते हुए कहा कि उनके पास जो विकास का खाका था और उन्होंने अपने कार्यकाल में उत्तराखंड के लिए जो किया वह अपने आप में मिसाल है।
उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी की पीसीसी सदस्य अलका पाल ने काशीपुर की स्थिति पर सवालों के जबाव दिये। उनसे पूछा गया कि यहां कांग्रेस की लगातार हार का सिलसिला क्या इस बार के निकाय चुनाव में बदलेगा। तो उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से इस बार लोगों का रूझान बदल रहा है। पिछले कुछ समय से काशीपुर में विकास अवरूद्ध होने का एकमात्र कारण भाजपा है। और काशीपुर की जनता के साथ साथ यहां कांग्रेस के नेता भी अब सचेत हो चुके हैं।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal