@शब्द दूत ब्यूरो (13 दिसंबर 2022)
पौड़ी । सूबे के भाजपा विधायक मजार के लिए दो लाख की धनराशि देकर विवादित हो गये हैं। हालांकि बाद में उन्होंने कहा कि यह धनराशि मजार में आने वाले लोगों के लिए टिन शेड बनाने हेतु दी गई है।
भाजपा विधायक राजकुमार पोरी ने अपनी विधानसभा क्षेत्र में दो मजारों के सौंदर्यीकरण के लिए दो लाख रुपये विधायक निधि से दिए। जिसके बाद राजनीतिक हंगामा शुरू हो गया गया है। कांग्रेस ने इस मामले पर भाजपा को घेरना शुरू कर दिया है। कांग्रेस का कहना है अब भाजपा नेताओं को भी सामाजिक ताने-बाने की समझ आने लगी है. जिसका नतीजा है कि पौड़ी विधायक ने पीर बाबा की मजार के लिए विधायक निधि से पैसा दिया है।
विधायक राजकुमार पोरी ने कहा भाजपा मडंल अध्यक्ष की तरफ से ये प्रस्ताव आया था कि कल्जीखाल स्थित पीर बाबा की मजार का सौंदर्यीकरण किया जाना है। जिसके लिए दो लाख रुपये विधायक निधि से दिए गए हैं। विधायक राजकुमार पोरी ने कहा अभी यह आदेश सीडीओ के पास गया है और इस पर अभी काम शुरू नहीं हुआ है।
विधायक राजकुमार पोरी ने कहा मजार के आसपास टीन शेड लगाने के काम के लिए 2 लाख का बजट जारी किया गया है. अक्सर लोग आया जाया करते हैं और धूप-बारिश से बचने के लिए लोगों को यह सुविधा दी जा रही है।
इस मामले में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के निशाने पर आये विधायक राजकुमार पोरी ने इस चर्चा के पीछे किसी साजिश का अंदेशा जताया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने पीर की मजार पर टीन शेड लगवाने के लिए धनराशि दी है लेकिन साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि सिर्फ मजार के लिए धनराशि देने की बात गलत है।
यही नहीं विधायक ने यहाँ तक कहा कि मजार में आस्था रखने वाले सभी लोग गढ़वाली मूल के ही हैं और वोटर भी हैं। ऐसे में वोटरों का अधिकार है कि वो विधायक निधि में से धनराशि की मांग कर सके।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal