झाँसी(19 नवंबर 2022) । कला व साहित्य साधकों को समर्पित संस्था कलार्पण झाँसी की इकाई ने कचहरी चौराहा को फूल मालाओं व दीपकों से सुसज्जित करके महारानी लक्ष्मीबाई के जन्मोत्सव पर आजादी की दीवानी वीरांगनाओं रानी लक्ष्मीबाई , झलकारी बाई तथा मराठा सैनिकों की पलटन को झाकियों में सजाकर शोभायात्रा निकाली।
सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इण्टर कालेज दतिया द्वार बाहर की छात्राओं ने इस शोभायात्रा को आकर्षक बनाने में कोई कमी नहीं छोड़ी। बालिकाओं के स्कूली बैंड पर राष्ट्रीय गीतों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलार्पण के प्रांतीय संरक्षक डा.रवि कनक ने अध्यक्षता व प्रांतीय महामंत्री शिवतनय श्रीवास्तव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सरस्वती बालिका विद्यामंदिर इण्टर कालेज की प्राचार्य सुश्री कल्पना सिंह एवं राष्ट्रीय कवि संजीव दुबे विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने रानी लक्ष्मीबाई के चित्र पर माल्यार्पण करते हुए 501 दीप जलाकर रानी लक्ष्मीबाई को नमन करते हुए दीपांजलि अर्पित की।
कलार्पण झाँसी के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार विश्वकर्मा ने अतिथियों को मराठों की प्रतीक पगड़ी पहनाकर उनका अभिनंदन किया। कलार्पण के जिला महामंत्री डा.रमेशचंद्र वर्मा ने समारोह का संचालन करते हुए रानी लक्ष्मीबाई की जीवनी को प्रत्येक कक्षा के पाठ्यक्रम में सम्मिलित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
समारोह में कलार्पण के प्रांतीय साहित्य प्रमुख डा. रामशंकर भारती , प्रांतीय सहमंत्री प्रदीप कुमार पाण्डेय , मण्डल संयोजक श्याम शरण नायक सत्य , जिला उपाध्यक्ष अनिल श्रीवास्तव , जिला मंत्री आशीष गुप्ता , कला व महिला प्रमुख दीप्ति सिंह राठौर , रेनू सिंह चौहान , हरेराम दूरवार , कमल खरे , राजीव लोचन मिश्रा , आलोक गुप्ता सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह के समापन पर अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति अनिल श्रीवास्तव ने आभार व्यक्त किया।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal

